सुप्रीम कोर्ट ने मुंबई के बोरीवली में BEST बस अड्डे के लिए आरक्षित जमीन से अतिक्रमण नहीं हटाने पर बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है. अदालत ने नगर निगम आयुक्त के खिलाफ अवमानना नोटिस जारी करते हुए आदेशों का पालन होने तक उनका और उनके निजी स्टाफ का मासिक वेतन जारी करने पर रोक लगा दी.

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने BMC की अतिरिक्त समय देने की मांग खारिज कर दी. अदालत ने निगम पर पांच लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया.

पीठ के अनुसार, अतिक्रमण हटाने के लिए 13 नवंबर 2025 और 28 जुलाई 2026 को समयबद्ध निर्देश दिए गए थे, लेकिन उनका पालन नहीं हुआ. अदालत ने प्रथम दृष्टया इसे आदेशों की जानबूझकर अवहेलना माना और आयुक्त से जवाब मांगा कि उनके खिलाफ उचित कार्रवाई क्यों न की जाए.

सुनवाई के दौरान अदालत ने BMC अधिकारियों के रवैये पर सवाल उठाए और कहा कि आदेश नहीं मानने पर संबंधित अधिकारियों को जेल भेजने पर विचार किया जा सकता है. BMC की ओर से 30 दिन में कार्रवाई पूरी करने का आश्वासन दिया गया, लेकिन पीठ ने कहा कि निगम को पहले ही पर्याप्त समय दिया जा चुका है.