NCP (SP) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दोनों गुटों के संभावित विलय की अटकलों को खारिज कर दिया है. उन्होंने कहा कि विलय को लेकर न कोई प्रस्ताव है और न ही इस विषय पर बातचीत चल रही है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सुले ने कहा कि अजित पवार के जीवित रहने के दौरान दोनों गुटों को साथ लाने को लेकर चर्चा हुई थी, लेकिन उनके निधन के बाद यह मामला वहीं समाप्त हो गया. उन्होंने मौजूदा विलय चर्चा से किसी भी तरह की जानकारी होने से इनकार किया.
सुले ने शरद पवार और अजित पवार गुट के नेताओं के बीच हो रही मुलाकातों को पारिवारिक और नियमित बताया. उन्होंने कहा कि परिवार में अलग-अलग राजनीतिक रास्तों के बावजूद आपसी संबंधों में कोई तनाव नहीं है.
NCP के दोनों गुटों के एक साथ आने की अटकलें हाल के दिनों में नेताओं की बैठकों के बाद तेज हुई थीं. हालांकि, NCP (SP) की ओर से फिलहाल किसी औपचारिक विलय प्रस्ताव की पुष्टि नहीं की गई है. सुले ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी INDIA गठबंधन के साथ है.
