महाराष्ट्र के ठाणे में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट के मानपाड़ा विभाग प्रमुख प्रदीप पूर्णेकर की गोली मारकर हत्या कर दी गई. शुरुआती जानकारी के अनुसार, हमला मनोरमानगर इलाके में उनके कार्यालय के पास हुआ. गंभीर रूप से घायल पूर्णेकर को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई.
पुलिस के मुताबिक, पूर्णेकर कार्यालय में बैठे थे, तभी हेलमेट और मास्क पहने हमलावर वहां पहुंचे. उन्होंने गोलीबारी की और धारदार हथियारों से भी हमला किया. रिपोर्ट के अनुसार, पूर्णेकर को दो गोलियां लगीं. हालांकि, हमलावरों की संख्या और वारदात में इस्तेमाल हथियारों की पूरी जानकारी अभी जांच का विषय है.
डीसीपी प्रशांत कदम के अनुसार, मामले में पांच संदिग्ध आरोपियों के नाम सामने आए हैं. इनमें निखिल यादव, पप्या शिंदे, आकाश निमसे, संतोष कनोजिया और एक अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं. पुलिस ने पप्या शिंदे और आकाश निमसे को हिरासत में लिया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है और हत्या के कारण तथा उनकी कथित भूमिका की जांच जारी है.
हत्या के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है. विरोध के चलते आसपास की दुकानें बंद रहीं. सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र के तीन प्राथमिक विद्यालयों को भी बंद रखा गया. पुलिस हमलावरों की पहचान, वारदात की पूरी परिस्थितियों और संभावित कारणों की जांच कर रही है.
