मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की जांच में पुलिस को उस मोटरसाइकिल से अहम सुराग मिला है, जिसका इस्तेमाल हमले में किया गया था. पुलिस के मुताबिक, बाइक 11 सितंबर को अंधेरी वेस्ट इलाके में खरीदी गई थी. जांचकर्ता यह पता लगा रहे हैं कि इसे हमले के लिए खरीदा गया था या पहले रेकी में इस्तेमाल किया गया.
पुलिस के अनुसार, आरोपी हृतिक उर्फ रोशन मोटरसाइकिल चला रहा था, जबकि रेहान और फूल सिंह ने कथित तौर पर टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलियां चलाईं. वाहन की पहचान बजाज पल्सर 220 के तौर पर की जा रही है. पुलिस अब यह भी जांच रही है कि बाइक किसने उपलब्ध कराई और आरोपियों को किसी अन्य व्यक्ति से निर्देश या मदद मिली थी या नहीं.
मुंबई पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को सोमवार सुबह राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन पर पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस से पकड़ा गया. पुलिस के अनुसार, आरोपी ट्रेन के जनरल कोच में यात्रा कर रहे थे. उन्हें पकड़ने के लिए करीब 20 विशेष क्राइम ब्रांच टीमों का गठन किया गया था.
पुलिस के मुताबिक, हृतिक बिहार के बेगूसराय, जबकि रेहान और फूल सिंह हरियाणा से हैं. सभी आरोपियों के वयस्क होने की बात पुलिस ने कही है. मामले की जांच मुंबई पुलिस की एंटी-एक्सटॉर्शन स्क्वॉड कर रही है.
