124 पूर्व IAS और IFS अधिकारियों ने देश के नागरिकों के नाम खुली चिट्ठी जारी कर चुनाव आयोग और मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) का समर्थन किया है. अधिकारियों ने बिना ठोस सबूत चुनावों को ‘रिग्ड’ यानी धांधली वाला बताने पर सवाल उठाए और चुनावी संस्थाओं में भरोसा बनाए रखने की अपील की.
चिट्ठी में कहा गया है कि हस्ताक्षर करने वाले अधिकारियों ने अपने कार्यकाल में मतदाता सूची तैयार करने, मतदानकर्मियों को प्रशिक्षण देने, स्ट्रॉन्ग रूम सील कराने और मतगणना की निगरानी जैसे काम किए हैं. उन्होंने कहा कि वे किसी राजनीतिक दल से जुड़े नहीं हैं और चुनावी प्रक्रिया पर लगातार लगाए जा रहे बिना प्रमाण के आरोप लोकतांत्रिक भरोसे को नुकसान पहुंचाते हैं.
चुनावी सुरक्षा उपायों का हवाला
अधिकारियों ने बूथ कैप्चरिंग, बैलेट बॉक्स में फर्जी वोट डालने और चुनावी हिंसा के पुराने दौर का उल्लेख करते हुए कहा कि मौजूदा व्यवस्था में कई स्तरों पर जांच और सुरक्षा उपाय हैं. इनमें पोलिंग एजेंट, EVM सीलिंग, स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा और VVPAT सत्यापन शामिल हैं.
चिट्ठी में बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का भी उल्लेख किया गया है. अधिकारियों के अनुसार, इस चुनाव में दोबारा मतदान की जरूरत नहीं पड़ी और 1951 के बाद सबसे अधिक मतदान दर्ज हुआ.
SIR के समर्थन में अधिकारियों ने दावा किया कि बिहार में करीब 22 लाख मृत मतदाताओं और 7 लाख डुप्लीकेट प्रविष्टियों की पहचान की गई, जबकि लगभग 21.5 लाख नए मतदाता जोड़े गए. उन्होंने प्रक्रिया में नोटिस, सुनवाई, अपील और राजनीतिक दलों के बूथ-लेवल एजेंटों की भागीदारी को सुरक्षा उपाय बताया.
अधिकारियों ने कहा कि चुनावी नतीजों पर सवाल उठाना नागरिकों का अधिकार है, लेकिन आरोप लगाने वाले की जिम्मेदारी उन्हें साबित करने की है. चिट्ठी पर कंवल सिब्बल, आरवीएस मणि, अनिल त्रिगुणायत और दीपक वोहरा समेत अन्य पूर्व अधिकारियों के हस्ताक्षर बताए गए हैं.
