चुनाव आयोग ने मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान समेत 17 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में मतदाता सूची का स्पेशल समरी रिवीजन (SSR) कराने का निर्देश दिया है. आयोग ने संबंधित मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को इस संबंध में पत्र भेजा है. यह निर्देश स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर जारी विवाद और विरोध के बीच आया है.
SSR के दौरान मतदाता सूची में नए नाम जोड़े जाएंगे और पहले से दर्ज विवरण में गलतियां सुधारी जाएंगी. आयोग ने 2027 में 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं से भी आवेदन लेने को कहा है. 1 जनवरी 2027 के अलावा 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष पूरे करने वाले युवा भी पहले से आवेदन कर सकेंगे. इसका उद्देश्य पात्र नागरिकों और पहली बार मतदान करने वालों को सूची में शामिल करना है.
SIR में छूटे नामों के लिए क्या व्यवस्था
आयोग के SSR आदेश में SIR के दौरान मतदाता सूची में नाम शामिल नहीं हो पाने वालों के लिए अलग प्रक्रिया का उल्लेख नहीं है. हालांकि, SIR की ड्राफ्ट सूची में नाम नहीं होने पर संबंधित व्यक्ति फॉर्म-6 के जरिए आवेदन कर सकता है. आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेज देने होंगे. नाम अपने आप नहीं जुड़ेगा; निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ERO) पात्रता की जांच के बाद निर्णय लेंगे.
मतदान केंद्रों की भी होगी समीक्षा
आयोग ने मतदान केंद्रों की संख्या और स्थान की समीक्षा करने को कहा है. सामान्य तौर पर एक मतदान केंद्र पर 1,200 से अधिक मतदाता नहीं होने चाहिए. मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए दो किलोमीटर से अधिक दूरी तय न करनी पड़े, इसके लिए हाईराइज इमारतों, रिहायशी कॉलोनियों और शहरी झुग्गी-बस्तियों में सर्वे किया जाएगा. नए केंद्र के लिए आयोग की मंजूरी जरूरी होगी और स्थान का भौतिक सत्यापन किया जाएगा.
SSR के दौरान CEO, DEO, ERO, AERO और BLO के पद खाली नहीं रखने तथा पर्याप्त कर्मचारी और संसाधन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है. आयोग की मंजूरी के बिना इन अधिकारियों का तबादला नहीं किया जा सकेगा. मतदाता पते भी एक समान प्रारूप में दर्ज किए जाएंगे.
उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर और गोवा में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं. इन राज्यों में SSR कराया जाएगा, जबकि कई अन्य राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों का कार्यक्रम बाद में घोषित किया जाएगा. हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लिए मौसम संबंधी कारणों से कार्यक्रम बाद में जारी होगा.
