कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में 1984 के सिख-विरोधी दंगों को लेकर किए गए दावों पर विवाद शुरू हो गया है. किताब के 17वें अध्याय में सोनिया गांधी ने इंदिरा गांधी की हत्या के बाद दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में भड़की हिंसा का उल्लेख किया है.
किताब में दिए गए विवरण के अनुसार, 31 अक्टूबर 1984 की रात तत्कालीन थल सेनाध्यक्ष जनरल एएस वैद्य को दिल्ली में सेना तैनात करने का आदेश दिया गया था. सोनिया गांधी ने दावा किया है कि दिल्ली के नजदीकी सैन्य ठिकानों से सैनिक बुलाने के बजाय देहरादून से टुकड़ियां मंगाई गईं. उनके अनुसार, इस फैसले के कारण सेना को संवेदनशील इलाकों में मोर्चा संभालने में समय लगा और 1 नवंबर की रात तथा 2 नवंबर की दोपहर तक तैनाती पूरी हो सकी.
किताब में यह भी कहा गया है कि दिल्ली के पास मौजूद सैन्य इकाइयों में सिख सैनिकों की बड़ी संख्या थी और ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद संभावित विद्रोह को देखते हुए उन्हें तुरंत इस्तेमाल करने को लेकर आशंका थी. सोनिया गांधी ने लिखा है कि राजीव गांधी ने प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद 31 अक्टूबर की रात टेलीविजन पर लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की थी.
एचएस फूलका ने दावों पर उठाए सवाल
भाजपा नेता और 1984 दंगा पीड़ितों के वकील रहे एचएस फूलका ने इन दावों को खारिज किया है. उन्होंने कहा कि 31 अक्टूबर की रात और 1 नवंबर की सुबह दिल्ली में करीब 6,100 सशस्त्र सैनिक पहले से उपलब्ध थे. फूलका ने न्यायमूर्ति रंगनाथ मिश्रा आयोग और न्यायमूर्ति जीटी नानावती आयोग की रिपोर्टों का हवाला देते हुए कहा कि सेना को सड़क पर उतारना नागरिक प्रशासन और गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी थी.
फूलका के अनुसार, जनरल वैद्य के रिकॉर्डेड बयान में मेरठ से उसी रात सेना दिल्ली भेजे जाने की बात कही गई थी. उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सेना उपलब्ध थी, तो उसे सक्रिय नहीं करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई.
फूलका ने यह भी कहा कि सोनिया गांधी की किताब राजीव गांधी और गांधी परिवार को 1984 की हिंसा के मामले में निर्दोष साबित करने का प्रयास है. उन्होंने राजीव गांधी के ‘बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती थोड़ी हिलती है’ वाले बयान पर भी सवाल उठाया और कहा कि इस टिप्पणी को लेकर लंबे समय से राजनीतिक विवाद रहा है.
