सांख्यिकी मंत्रालय की ओर से जारी 2025 के पहले जिला-स्तरीय आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण के अनुसार, करीब 250 जिलों में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के 25% से अधिक युवा न तो रोजगार में हैं, न शिक्षा ले रहे हैं और न ही किसी तरह का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं. इस श्रेणी को NEET यानी ‘न रोजगार, न शिक्षा और न प्रशिक्षण’ कहा जाता है.
सर्वेक्षण में प्रमुख राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के करीब 600 जिलों का आकलन किया गया. कुछ मामलों में आसपास के जिलों को मिलाकर एक इकाई माना गया. स्थिति उत्तर भारत में अधिक चिंताजनक बताई गई है. बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और पश्चिम बंगाल में करीब दो-तिहाई जिलों में लगभग एक-चौथाई युवा NEET श्रेणी में पाए गए.
आंध्र प्रदेश, ओडिशा, असम और तेलंगाना में भी करीब आधे जिलों में 25% युवा इस श्रेणी में दर्ज किए गए. महिलाओं की स्थिति और गंभीर रही. सर्वेक्षण में शामिल लगभग तीन-चौथाई जिलों में युवा महिलाओं की NEET दर 25% से अधिक रही. इसके पीछे बिना वेतन वाले घरेलू काम, देखभाल की जिम्मेदारियां और सामाजिक अपेक्षाओं जैसे कारणों का उल्लेख किया गया है.
कुछ जिलों में NEET दर 10% से कम
करीब 25 जिलों में NEET दर 10% से नीचे रही. इनमें छत्तीसगढ़ के कबीरधाम, राजनांदगांव और उत्तर बस्तर कांकेर, हिमाचल प्रदेश का चंबा, केरल का एर्नाकुलम और मध्य प्रदेश का मंडला शामिल हैं. ओडिशा के नबरंगपुर में यह दर सबसे कम 4.1% दर्ज की गई.
NEET श्रेणी को सीधे बेरोजगारी का पर्याय नहीं माना जा सकता. इसमें घरेलू या देखभाल संबंधी जिम्मेदारियों में लगे लोग, काम की तलाश छोड़ चुके युवा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे लोग और कुछ अन्य परिस्थितियों में काम या शिक्षा से बाहर युवा शामिल हो सकते हैं. नीति आयोग की एक हालिया रिपोर्ट में देश में NEET युवाओं की संख्या करीब नौ करोड़ बताई गई थी, हालांकि सरकार ने इन्हें सीधे तौर पर बेरोजगार कहने से सावधानी बरतने को कहा है.
