वित्त मंत्रालय के अनुसार, देशभर में 27 सितंबर 2026, रविवार को बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहेंगी. रिजर्व बैंक ने इस दिन सभी बैंक शाखाओं, कार्यालयों, ATM-लिंक्ड शाखाओं और करेंसी चेस्ट को पूरी तरह संचालित रखने की मंजूरी दी है. सरकारी बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को भी सामान्य कामकाज के निर्देश दिए गए हैं.
यह फैसला यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) की 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल से पहले लिया गया है. 26 सितंबर को महीने का चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंकिंग सेवाओं पर लगातार असर पड़ने की आशंका थी. सरकार का कहना है कि रविवार को बैंक खोलने का उद्देश्य ग्राहकों की जरूरी बैंकिंग जरूरतों पर लंबे समय तक असर को कम करना है.
हड़ताल टालने की अपील, लेकिन यूनियनें कायम
सरकार और बैंक प्रबंधन ने बैंक यूनियनों से प्रस्तावित हड़ताल स्थगित करने की अपील की है. 22 सितंबर को इंडियन बैंक्स एसोसिएशन और वित्त मंत्रालय के डिपार्टमेंट ऑफ फाइनेंशियल सर्विसेज के साथ हुई सुलह बैठक के बाद भी UFBU ने हड़ताल वापस लेने पर सहमति नहीं जताई.
यूनियनों का कहना है कि मार्च 2024 के द्विपक्षीय वेतन संशोधन समझौते के तहत पांच-दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था पर सहमति बनी थी, लेकिन इसका अब तक क्रियान्वयन नहीं हुआ है. UFBU ने कहा है कि ठोस निर्णय होने तक हड़ताल वापस नहीं ली जाएगी. संगठन ने 11 सितंबर को एक दिन की हड़ताल की थी और मांगें नहीं माने जाने पर 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी भी दी है.
ग्राहकों को किन सेवाओं में परेशानी हो सकती है
यदि प्रस्तावित हड़ताल होती है, तो 28 से 30 सितंबर के बीच शाखा संबंधी कामकाज प्रभावित हो सकता है. नकद जमा-निकासी, चेक क्लियरेंस और भौतिक दस्तावेजों से जुड़े कार्यों में देरी की आशंका है. बैंकों ने ग्राहकों को ATM, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, UPI और अन्य डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल करने की सलाह दी है.
पांच-दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था के तहत यूनियनें सभी शनिवार को अवकाश और सोमवार से शुक्रवार तक कामकाज चाहती हैं. इसके बदले रोजाना काम के समय में 30 से 45 मिनट की बढ़ोतरी स्वीकार करने की बात कही गई है. अभी पहले, तीसरे और पांचवें शनिवार को बैंक खुले रहते हैं, जबकि दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश रहता है.
