Aircraft Accident Investigation Bureau (AAIB) ने Alliance Air को पायलटों की सिम्युलेटर ट्रेनिंग मजबूत करने की सिफारिश की है. जांच रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रशिक्षण में तेज बारिश, कम दृश्यता वाले एप्रोच और तेजी से बिगड़ते मौसम से जुड़े उन्नत परिदृश्यों को शामिल किया जाना चाहिए.

यह सिफारिश 8 अक्टूबर 2024 को भुवनेश्वर में हुई एक गंभीर विमानन घटना की जांच के बाद की गई. Alliance Air का ATR विमान, जिसका पंजीकरण VT-RKF था, राउरकेला से उड़ान भरकर भुवनेश्वर पहुंचा था. लैंडिंग के दौरान विमान ने रनवे के निर्धारित थ्रेशहोल्ड से करीब 100 मीटर पहले जमीन को छुआ. विमान में 43 यात्री और चालक दल के चार सदस्य समेत 47 लोग सवार थे. किसी को चोट नहीं लगी और विमान में आग भी नहीं लगी.

रिपोर्ट के अनुसार, पायलटों के बीच पर्याप्त संवाद, क्रॉस-चेकिंग, एक-दूसरे के हस्तक्षेप और चैलेंज-रिस्पॉन्स समन्वय की कमी ने बिगड़ती एप्रोच स्थिति के प्रबंधन को प्रभावित किया. इसके चलते समय रहते गो-अराउंड यानी दोबारा उड़ान भरने का निर्णय नहीं लिया जा सका.

AAIB ने घटना में तेज बारिश, अशांति, डाउनड्राफ्ट और रनवे क्षेत्र में कम दृश्यता को योगदान देने वाले मौसम संबंधी कारकों में गिना. रिपोर्ट में जमीन के करीब हेडविंड से टेलविंड में तेजी से बदलाव वाले लो-लेवल विंड शीयर का भी उल्लेख है.

ब्यूरो ने यह भी कहा कि छह महीने की अवधि में जिन पायलटों के संचालन संबंधी उल्लंघन दर्ज हुए हों, उन पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए. ऐसे पायलटों के लिए अनिवार्य नियमित सिम्युलेटर सत्र और लक्षित सुधारात्मक प्रशिक्षण की सिफारिश की गई है. प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रतिकूल मौसम में निर्णय क्षमता, स्थितिजन्य जागरूकता और मानक संचालन प्रक्रियाओं के पालन को बेहतर बनाना है.