इंडिया टुडे समूह ने ‘आजतक साहित्य जागृति सम्मान 2026’ के लिए पहली बार आधिकारिक शॉर्टलिस्ट जारी की है. सात श्रेणियों में कुल 35 पुस्तकों को जगह मिली है. जूरी ने इन कृतियों का चयन 3,070 पुस्तकों पर विचार करने के बाद किया. प्रत्येक श्रेणी में पांच-पांच किताबें शॉर्टलिस्ट की गई हैं.

विजेताओं के नाम 28 नवंबर को ‘साहित्य आजतक 2026’ के मंच पर घोषित किए जाएंगे. यह आयोजन 27 से 29 नवंबर तक दिल्ली के नेशनल स्टेडियम में होना है. इसी अवसर पर लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड 2026 दिए जाने की भी जानकारी दी गई है.

सात श्रेणियों में चयनित किताबें

‘आजतक साहित्य जागृति अनुवाद सम्मान’ के लिए ‘अरसलान और बहज़ाद’, ‘इमरोज़नामा’, ‘हृदय दीप’, ‘भुखमारू’ और ‘वन्दे मातरम’ चुनी गई हैं. इनमें उर्दू, पंजाबी, कन्नड़, तमिल और मराठी से हिंदी में अनूदित कृतियां शामिल हैं.

बाल लेखन श्रेणी में ‘श्री कृष्ण’, ‘बौने का राग, कहानियों की बात’, ‘सुनो बात विज्ञान की’, ‘मेरे नन्हें दोस्त के लिए एक घर’ और ‘इतराती इरा’ शॉर्टलिस्ट हुई हैं. लोकप्रिय पुस्तक सम्मान के लिए चेतन भगत की ‘12 साल: मेरी बिगड़ी हुई लव स्टोरी’, ‘द ग्रेट कंचना सर्कस’, ‘अ फ्लैग टू लिव एंड डाई फॉर’, ‘स्मृति और दंश’ तथा ‘मेरे भगत सिंह’ का चयन हुआ है.

प्रथम कृति सम्मान की सूची में ‘शिवमया’, ‘यूं गुजरी है अब तलक’, ‘पीपल की छाँव में’, ‘एक चरवाहे का गीत’ और ‘धरा के अंक में’ शामिल हैं. कविता सम्मान के लिए ‘सब पर राम तपस्वी राजा’, ‘उम्मीद की तरह लौटना तुम’, ‘घुमक्कड़ औरत’, ‘धार के विपरीत दौड़ती मछलियों की तरह’ और ‘जब आदिवासी गाता है’ चुनी गई हैं.

कथेतर सम्मान की पांच किताबें ‘मजबूती का नाम महात्मा गांधी’, ‘साधो! शब्द विचारो’, ‘आत्मसंभवा आंडाल’, ‘रेवड़ी या हक़: सामाजिक सुरक्षा पर एक नज़रिया’ और ‘भारत की सारस्वत साधना’ हैं. कथा सम्मान के लिए ‘इस शहर में इक शहर था’, ‘दूर देश के परिन्दे’, ‘कहो कालीदास!’, ‘अंतिम आश्रय’ और ‘मामलुक’ शॉर्टलिस्ट हुई हैं.

चयन प्रक्रिया में 3,070 पुस्तकों पर विचार

साहित्य तक के ‘बुक कैफे’ के लिए पिछले तीन वर्षों में 2,773 पुस्तकें प्राप्त हुई थीं. इस वर्ष प्रकाशकों से भी प्रविष्टियां मांगी गईं और 11 प्रमुख प्रकाशकों से 297 पुस्तकें मिलीं. इन दोनों स्रोतों से प्राप्त कुल 3,070 पुस्तकों पर जूरी ने विचार किया.

जूरी के अध्यक्ष आजतक और इंडिया टुडे टीवी के न्यूज डायरेक्टर सुप्रिय प्रसाद हैं. इसमें संजीव पालीवाल, श्वेता सिंह, पाणिनी आनंद और कुलदीप मिश्रा सदस्य हैं, जबकि जय प्रकाश पाण्डेय समन्वयक हैं.