‘बिग बॉस 20’ में नजर आ रहे अभिनेता आसिफ खान इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं. शो से जुड़े आसिफ और लव गिल के गले मिलने वाले कुछ वीडियो क्लिप्स सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उनकी शादी को लेकर सवाल उठाए गए.

इन चर्चाओं के बीच आसिफ की पत्नी जेबा ने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट साझा कर अपना पक्ष रखा. उन्होंने लोगों से वायरल हो रही छोटी क्लिप्स के आधार पर आसिफ और उनकी शादी के बारे में राय न बनाने की अपील की.

जेबा ने लाइव फीड देखने की अपील की

जेबा ने पोस्ट की शुरुआत ‘बस, बहुत हुआ’ लिखकर की. उन्होंने कहा कि आसिफ की पत्नी होने के नाते उनके लिए स्पष्ट रूप से बोलना जरूरी हो गया था. उनके मुताबिक, शो के कुछ पलों के आधार पर लोग उनकी शादी को लेकर अलग-अलग कहानियां बना रहे हैं.

जेबा ने दर्शकों से 24 घंटे चलने वाली लाइव फीड पर ध्यान देने को कहा, न कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही कुछ सेकेंड की क्लिप्स पर. उन्होंने लिखा कि आसिफ को केवल इन छोटे वीडियो में नहीं समझा जा सकता.

उन्होंने यह भी कहा कि शो में आसिफ अक्सर उनके और उनके रिश्ते के बारे में बात करते हैं. जेबा के अनुसार, उनका रिश्ता सुरक्षित है और दोनों के बीच समझ मजबूत है.

गेम को शादी और चरित्र से न जोड़ने की अपील

जेबा ने बिग बॉस के घर में चल रहे खेल का जिक्र करते हुए कहा कि सभी कंटेस्टेंट अपना गेम खेल रहे हैं और उन्हें ऐसा करने देना चाहिए. हालांकि, किसी के गेम को उसकी शादी या चरित्र से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए.

अंत में उन्होंने दर्शकों से आसिफ की पूरी जर्नी देखने और उन्हें उसी रूप में सपोर्ट करने की अपील की. जेबा ने कहा कि कुछ क्लिप्स एक कहानी बना सकती हैं, लेकिन वे पूरी सच्चाई नहीं बता सकतीं.