ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र में हिस्सा लेने के लिए न्यूयॉर्क पहुंच गए हैं. उनका यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब ईरान और अमेरिका के बीच छह महीने से अधिक समय से जारी युद्ध में अब तक कोई निर्णायक कूटनीतिक समाधान सामने नहीं आया है.
अराघची ईरानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं. न्यूयॉर्क पहुंचने से पहले उन्होंने कतर में संक्षिप्त पड़ाव लिया और क्षेत्रीय घटनाक्रम पर वहां के अधिकारियों से बातचीत की. कतर को अमेरिका और ईरान के बीच संपर्क और मध्यस्थता के प्रमुख चैनलों में गिना जाता है.
ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के मंगलवार, 22 सितंबर को न्यूयॉर्क पहुंचने और बुधवार, 23 सितंबर की सुबह महासभा को संबोधित करने की योजना है. संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, 81वें महासभा सत्र की सामान्य बहस 22 से 26 सितंबर और फिर 28 सितंबर को होगी.
अमेरिका ने ईरानी नेतृत्व को महासभा में भाग लेने के लिए वीजा दिया है, हालांकि प्रतिनिधिमंडल की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाए गए हैं. ऐसे में अराघची और पेजेशकियन की मौजूदगी से युद्ध, क्षेत्रीय सुरक्षा और संभावित बातचीत पर कूटनीतिक संदेशों को लेकर ध्यान केंद्रित रहने की उम्मीद है.
