कलकत्ता हाई कोर्ट ने तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू करते हुए शो-कॉज नोटिस जारी किया है. न्यायमूर्ति कृष्ण राव की अदालत ने बनर्जी से नोटिस जारी होने की तारीख से 15 दिनों के भीतर जवाब देने को कहा है कि उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई क्यों न की जाए.

अदालत के अनुसार, बनर्जी की टिप्पणियों और 7 नवंबर की सोशल मीडिया पोस्ट से प्रथमदृष्टया न्याय प्रशासन में हस्तक्षेप हुआ. मामले की अगली सुनवाई 8 दिसंबर को होगी.

यह कार्यवाही उस समय शुरू हुई है, जब बनर्जी अपने सुरक्षा कवर को फिर से बढ़ाने की मांग को लेकर अदालत पहुंचे थे. उन्होंने आरोप लगाया था कि पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन के बाद उनकी सुरक्षा Z-plus से घटाकर X श्रेणी कर दी गई. अदालत ने इस आरोप पर फैसला सुनाने के बजाय राज्य के गृह एवं पहाड़ी मामलों के विभाग के प्रधान सचिव को सुरक्षा समीक्षा समिति की बैठक दो सप्ताह के भीतर बुलाने का निर्देश दिया.

समीक्षा में बनर्जी की ओर से अधिकारियों को बताई गई सुरक्षा संबंधी घटनाओं और कथित हमलों को ध्यान में रखने को कहा गया है. बनर्जी ने 7 नवंबर को अपने कोलकाता स्थित आवास और कार्यालय पर हमले का आरोप लगाया था. उनके वकील ने अदालत में कहा था कि सुरक्षा घटने के बाद उन्हें केवल दो सुरक्षाकर्मी उपलब्ध कराए गए, जबकि पहले उनके आवास और कार्यालय के लिए बड़ा सुरक्षा दल तैनात था.