कोलकाता में TMC सांसद अभिषेक बनर्जी ने शुक्रवार देर रात अपने कालीघाट स्थित आवास पर कथित हमले का आरोप लगाया. बनर्जी के अनुसार, रात करीब 2 बजे कुछ लोग हथियार लेकर घर में घुसे और पत्थर फेंके. उन्होंने घटना का वीडियो X पर साझा करते हुए इसे जान से मारने की साजिश बताया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की.
घटना के बाद बनर्जी समर्थकों के साथ घर के बाहर धरने पर बैठ गए. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, झड़प में महिलाओं समेत कई लोगों के घायल होने की खबर है. हालांकि, घायलों की संख्या और उनकी स्थिति के बारे में कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बैरिकेडिंग की और इलाके में अतिरिक्त बल तैनात किया.
पोस्टर लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
बताया गया है कि बनर्जी के जन्मदिन के मौके पर उनके आवास के बाहर समर्थक बैनर और पोस्टर लगा रहे थे. इसी दौरान स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ कहासुनी हुई. TMC समर्थकों ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने पत्थरों और लोहे की छड़ों से हमला किया.
भाजपा ने इन आरोपों को खारिज किया. पार्टी की ओर से दावा किया गया कि उसके कार्यकर्ता कुम्हारटोली से काली की मूर्तियां खरीदकर लौट रहे थे, तभी TMC समर्थकों ने उन पर हमला कर दिया. इस तरह दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हिंसा शुरू करने का आरोप लगाया है.
बनर्जी ने आरोप लगाया कि हमला कोलकाता पुलिस की निगरानी में हुआ. उन्होंने कलकत्ता हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट की भूमिका पर भी सवाल उठाए तथा घटना से जुड़े वीडियो सार्वजनिक करने और जांच कराने की मांग की.
इससे पहले उन्होंने X पर दावा किया था कि दो दिनों से कुछ अज्ञात लोग मोटरसाइकिल से उनके घर और कार्यालय की रेकी कर रहे थे. बनर्जी के मुताबिक, पूछताछ में इन लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया था. उन्होंने मोटरसाइकिल का पंजीकरण नंबर साझा कर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, कोलकाता पुलिस, केंद्रीय गृह मंत्रालय और पश्चिम बंगाल पुलिस से जांच की मांग की थी.
