अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने देश की प्रतियोगी परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए नंदन नीलेकणि की अध्यक्षता वाली केंद्र सरकार की हाई पावर्ड टास्क फोर्स को एक विस्तृत सुझाव पत्र सौंपा है. संगठन ने NEET समेत प्रमुख परीक्षाओं में एक ही दिन की परीक्षा पर निर्भरता और छात्रों का दबाव कम करने के लिए कई बदलाव सुझाए हैं.

ABVP का प्रमुख सुझाव परीक्षाओं को दो चरणों में आयोजित करने का है. पहले चरण में स्क्रीनिंग टेस्ट के जरिए उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्टिंग और दूसरे चरण में मुख्य परीक्षा के माध्यम से अंतिम चयन का प्रस्ताव दिया गया है. संगठन ने JEE Main की तर्ज पर NEET को साल में दो बार आयोजित करने की संभावना तलाशने की बात भी कही है, ताकि उम्मीदवार अपने बेहतर स्कोर का इस्तेमाल कर सकें.

छात्रों और विशेषज्ञों से चर्चा के बाद तैयार हुआ सुझाव पत्र

ABVP के अनुसार, सुझाव पत्र तैयार करने से पहले पुणे, नागपुर, भोपाल, दिल्ली, चंडीगढ़ और दक्षिण बिहार में राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस आयोजित की गईं. इन बैठकों में छात्रों और शिक्षा विशेषज्ञों से राय ली गई. सुझावों को तत्काल, मध्यम अवधि और दीर्घकालिक सुधारों में बांटा गया है.

संगठन ने परीक्षाओं को अधिक से अधिक कंप्यूटर आधारित बनाने, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा मजबूत करने और देशभर के परीक्षा केंद्रों के लिए समान राष्ट्रीय मानक तय करने की मांग की है. किसी केंद्र पर तकनीकी या प्रशासनिक गड़बड़ी होने की स्थिति में तुरंत दोबारा परीक्षा कराने के लिए स्पष्ट प्रोटोकॉल बनाने का सुझाव भी दिया गया है.

उत्तर कुंजी, नॉर्मलाइजेशन और टाई-ब्रेकिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए केंद्रीय परीक्षा डैशबोर्ड बनाने की सिफारिश की गई है. दीर्घकालिक सुधार के तहत स्कूल और कॉलेज स्तर की पढ़ाई मजबूत करने की बात कही गई है, ताकि छात्रों की कोचिंग संस्थानों पर निर्भरता कम हो सके. ABVP के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में विद्यार्थियों की मेहनत और क्षमता का सही मूल्यांकन होना चाहिए, न कि प्रशासनिक या तकनीकी खामी के कारण उन्हें अनिश्चितता और तनाव झेलना पड़े.