एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) के विश्लेषण के अनुसार, असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी के चुनावों में 51 राजनीतिक दलों के 3,539 उम्मीदवारों के रिकॉर्ड की जांच की गई. इनमें 1,405 उम्मीदवारों ने अपने चुनावी हलफनामों में आपराधिक मामले घोषित किए थे.

रिपोर्ट के मुताबिक, इनमें से 1,214 उम्मीदवारों के लिए दलों ने C-7 फॉर्म में टिकट देने का कारण बताया, जबकि 191 उम्मीदवारों के मामले में यह जानकारी उपलब्ध नहीं थी. यह संख्या आपराधिक मामले घोषित करने वाले उम्मीदवारों की करीब 14% है.

तमिलनाडु में सबसे अधिक मामले

पांचों राज्यों में तमिलनाडु में सबसे ज्यादा 72 उम्मीदवारों के चयन से जुड़ी C-7 जानकारी नहीं मिली. ADR ने राज्य में 1,162 उम्मीदवारों के रिकॉर्ड देखे, जिनमें 473 ने आपराधिक मामले घोषित किए थे.

पश्चिम बंगाल में 55, केरल में 27, पुडुचेरी में 12 और असम में 10 उम्मीदवारों के लिए चयन का कारण उपलब्ध नहीं था. पुडुचेरी में 112 उम्मीदवारों में से 39 यानी 35% ने आपराधिक मामले घोषित किए थे. इनमें केवल 12 उम्मीदवारों के टिकट का कारण बताया गया.

2020 के सुप्रीम कोर्ट निर्देश का संदर्भ

रिपोर्ट में कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट ने 2020 में राजनीतिक दलों को आपराधिक पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवारों के चयन का कारण 72 घंटे के भीतर सार्वजनिक करने का निर्देश दिया था. कारण उम्मीदवार की योग्यता, उपलब्धियों और मेरिट पर आधारित होना चाहिए; केवल चुनाव जीतने की संभावना को आधार नहीं बनाया जा सकता. इसके बाद चुनाव आयोग ने दलों को यह जानकारी वेबसाइट, सोशल मीडिया और अखबारों में प्रकाशित करने को कहा था.

ADR के अनुसार, कई दलों ने अलग-अलग उम्मीदवारों के लिए चयन के कारणों में एक जैसी भाषा का इस्तेमाल किया. इनमें सार्वजनिक छवि, सामाजिक कार्य, अनुभव, लोकप्रियता और क्षेत्र के लिए उपयुक्तता जैसे सामान्य कारण शामिल थे. रिपोर्ट का दावा है कि स्वच्छ छवि वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता न देने का कारण भी कई जगह दोहराई गई भाषा में लिखा गया.