नेशनल कॉन्फ्रेंस के श्रीनगर से सांसद आगा सैयद रुहुल्लाह मेहदी ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और लोकसभा सीट से इस्तीफा देने की घोषणा की है. उन्होंने यह ऐलान 3 नवंबर को बडगाम में अपने पिता आगा सैयद मेहदी की 26वीं पुण्यतिथि पर आयोजित सभा में किया.
रुहुल्लाह ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और पार्टी नेतृत्व पर 2024 के विधानसभा चुनावों में किए गए वादों से पीछे हटने का आरोप लगाया. उनके मुताबिक, नेशनल कॉन्फ्रेंस ने जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा बहाल कराने और राज्य के राजनीतिक अधिकारों की रक्षा के मुद्दे पर जनता से समर्थन मांगा था, लेकिन सत्ता में आने के बाद उसका रुख कमजोर पड़ गया.
उन्होंने अनुच्छेद 370 की बहाली, राज्य का दर्जा, आरक्षण नीति और 200 यूनिट मुफ्त बिजली जैसे मुद्दों का भी उल्लेख किया. रुहुल्लाह ने उमर अब्दुल्ला पर भारतीय जनता पार्टी के सामने नरम रुख अपनाने का आरोप लगाया, जबकि BJP ने पूरे घटनाक्रम को नेशनल कॉन्फ्रेंस का आंतरिक मामला बताया है.
रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने अपना पार्टी इस्तीफा मोहम्मद अशरफ मट्टू को सौंपा और इसे पार्टी अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला तक पहुंचाने को कहा. नेशनल कॉन्फ्रेंस ने उनके कदम को आत्ममुग्धता और खोखली बयानबाजी बताया है.
