केरल और तमिलनाडु में फैले अगस्त्यमलाई बायोस्फियर रिजर्व (ABR) की पुष्पीय विविधता पर नई चेकलिस्ट में 3,261 प्रजातियां, 26 उप-प्रजातियां और 28 किस्में दर्ज की गई हैं. ये पौधे 1,139 वंश (genera) और 190 परिवारों से संबंधित हैं. यह संकलन तिरुवनंतपुरम स्थित जवाहरलाल नेहरू ट्रॉपिकल बॉटैनिक गार्डन एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट (JNTBGRI) की शोध टीम ने तैयार किया है.
‘Plant Science Today’ में प्रकाशित इस अध्ययन में ई.एस. संतोष कुमार, एस.एम. शरीफ, पी.पी. अनुषा, के.ए. रश्मि और रेजिता जोसेफ का योगदान है. शोधकर्ताओं के अनुसार, चेकलिस्ट का उद्देश्य पश्चिमी घाट को जैवविविधता के वैश्विक हॉटस्पॉट के रूप में रेखांकित करना और इसके संरक्षण के लिए क्षेत्र-विशिष्ट रणनीतियों की जरूरत बताना है.
31.2% टैक्सा भारत में स्थानिक
अध्ययन में 1,018 टैक्सा को भारत में स्थानिक पाया गया, जो कुल संख्या का 31.2% है. इनमें 245 स्टेनो-एंडेमिक टैक्सा हैं, यानी वे बेहद विशिष्ट और सीमित आवासों तक सीमित हैं. शोधकर्ताओं ने इसे प्राचीन वंशावलियों के संरक्षण और नई प्रजातियों के विकास, दोनों के लिए महत्वपूर्ण क्षेत्र बताया है.
Fabaceae 349 टैक्सा के साथ सबसे अधिक प्रजाति वाला परिवार रहा. इसके बाद Rubiaceae में 194, Poaceae में 193 और Orchidaceae में 168 टैक्सा दर्ज किए गए.
ABR की वनस्पतियों में श्रीलंका की वनस्पतियों से भी मजबूत जैव-भौगोलिक समानता मिली. दोनों क्षेत्रों में 347 टैक्सा साझा हैं. अध्ययन में इसके संभावित कारणों के रूप में समुद्र-स्तर कम रहने के दौर में ऐतिहासिक भू-संपर्क, साझा गोंडवाना इतिहास और लंबे समय की जलवायु समानताओं का उल्लेख किया गया है. इसके अलावा 102 टैक्सा में उष्णकटिबंधीय अमेरिकी वनस्पतियों से समानता मिली. शोधपत्र ने इसके लिए दूरस्थ प्रसार, पैन-ट्रॉपिकल वितरण या मानवों द्वारा लाए जाने के बाद प्राकृतिक रूप से स्थापित होने जैसी संभावनाएं बताई हैं.
अलग चेकलिस्ट की जरूरत क्यों पड़ी
अगस्त्यमलाई क्षेत्र का वनस्पति संबंधी दस्तावेजीकरण एक सदी से अधिक समय से होता रहा है. हालांकि, पुराने वनस्पति ग्रंथों, क्षेत्रीय विवरणों, अप्रकाशित रिपोर्टों और बदलते टैक्सोनॉमिक डेटाबेस में नामकरण, वर्गीकरण और वितरण संबंधी असंगतियां थीं. नई चेकलिस्ट तैयार करते समय शोधकर्ताओं ने पारंपरिक वनस्पति साहित्य, मूल एवं हालिया शोध और वैश्विक टैक्सोनॉमिक रिपॉजिटरी की समीक्षा की.
शोधकर्ताओं ने आवास विखंडन, जलवायु परिवर्तन, जैविक आक्रमण और पारिस्थितिक क्षरण को ABR की सीमित क्षेत्र में पाई जाने वाली प्रजातियों के लिए खतरा बताया. उन्होंने पारिस्थितिक पुनर्स्थापन, बाह्य-संरक्षण (ex situ conservation), दीर्घकालिक निगरानी और समुदाय-आधारित पहलों की सिफारिश की है. भविष्य के अध्ययन में पारंपरिक टैक्सोनॉमी के साथ आणविक फाइलोजेनेटिक्स, जनसंख्या आनुवंशिकी और पारिस्थितिक निक niche modelling को जोड़ने का सुझाव दिया गया है.
