केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि अग्निपथ योजना में हालिया बदलाव केवल पहले से सेवा दे रहे अग्निवीरों पर लागू होंगे. दिसंबर 2026 के बाद भर्ती होने वाले नए अभ्यर्थियों के लिए शुरुआती चार साल की सेवा अवधि वाला मूल मॉडल फिलहाल जारी रहेगा.

नए प्रावधान के तहत वर्तमान में सेवा दे रहे नौ बैचों के उन 75 प्रतिशत अग्निवीरों को चार साल पूरे होने के बाद दो साल की अतिरिक्त सेवा का अवसर मिलेगा, जिन्हें पहले नियमित कैडर में जगह नहीं मिलती. इस अवधि के बाद इच्छुक, शारीरिक रूप से फिट और अनुशासनात्मक रिकॉर्ड की शर्तें पूरी करने वाले अग्निवीरों को नियमित कैडर में शामिल किया जा सकेगा.

हर बैच के पहले 25 प्रतिशत अग्निवीरों का चार साल बाद नियमित कैडर में चयन पहले की व्यवस्था के अनुसार जारी रहेगा. सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि दो साल बाद नियमित सेवा में आने वाले अग्निवीरों की वरिष्ठता उनके मूल बैच के चार साल में चयनित साथियों के बाद तय होगी.

अधिकारियों के अनुसार, नए बैचों के लिए नियमों की आगे समीक्षा सशस्त्र बलों की जरूरतों और उस समय की परिस्थितियों के आधार पर की जाएगी. इसलिए छह साल की व्यवस्था को फिलहाल स्थायी बदलाव नहीं माना गया है.