सरकार अग्निपथ योजना के पहले बैच के कुछ अग्निवीरों की चार साल की सेवा पूरी होने के बाद उनका कार्यकाल बढ़ाने के प्रस्ताव पर विचार कर रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह विस्तार उन अग्निवीरों से अलग होगा, जिन्हें स्थायी रूप से सेना में शामिल किया जाएगा.

पहले बैच के अग्निवीरों की चार साल की सेवा 21 नवंबर को पूरी हो रही है. इससे पहले स्थायी भर्ती की प्रक्रिया चल रही है. प्रस्ताव पर पिछले कुछ दिनों में कई उच्चस्तरीय बैठकें होने की जानकारी सामने आई है, लेकिन सरकार ने अभी तक कोई आधिकारिक निर्णय घोषित नहीं किया है.

प्रस्तावित एक्सटेंशन कितने समय के लिए होगा, यह भी स्पष्ट नहीं है. इसलिए फिलहाल इसे केवल विचाराधीन प्रस्ताव के रूप में देखा जा रहा है.

अग्निपथ योजना में स्थायी भर्ती का नियम

अग्निपथ योजना वर्ष 2022 में शुरू की गई थी. इसके तहत तीनों सेनाओं में अन्य रैंक के लिए युवाओं की चार साल की अवधि के लिए भर्ती की जाती है. नियमों के मुताबिक, प्रत्येक बैच के अधिकतम 25 प्रतिशत अग्निवीरों को सेवा पूरी होने के बाद नियमित कैडर में शामिल किया जा सकता है.

स्थायी भर्ती के लिए प्रदर्शन, संगठन की जरूरत और संबंधित सेना की नीतियों के आधार पर केंद्रीय प्रक्रिया के तहत आवेदनों पर विचार किया जाता है. पिछले महीने भारतीय वायुसेना ने अपने पहले अग्निवीर वायु बैच के 2,850 में से 712 रिक्रूट्स को बनाए रखने का फैसला किया था.