केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अग्निवीरों के लिए दो साल के अतिरिक्त सेवा कार्यकाल को मंजूरी दी है. यह फैसला उन 75% अग्निवीरों पर लागू होगा, जिन्हें चार साल की सेवा पूरी करने के बाद पहले बाहर होना था.
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने बताया कि अतिरिक्त दो साल पूरे करने के बाद इच्छुक अग्निवीरों को सशस्त्र बलों में नियमित सैनिक के रूप में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा. हालांकि, यह नियुक्ति वस्तुनिष्ठ चयन मानदंड और निर्धारित पात्रताओं पर निर्भर होगी. इसे सभी अग्निवीरों के लिए नियमित सेवा में जाने का अवसर माना गया है, लेकिन स्थायी नियुक्ति की गारंटी नहीं दी गई है.
अग्निपथ योजना के मौजूदा प्रावधान के तहत हर बैच के 25% अग्निवीरों को चार साल की सेवा के बाद योग्यता और प्रदर्शन के आधार पर नियमित कैडर में शामिल किया जाता है. यह व्यवस्था जारी रहेगी.
सरकार के अनुसार, दूसरे कार्यकाल में अग्निवीरों को पहले चार साल की तुलना में अधिक पारिश्रमिक और बेहतर सेवा लाभ मिलेंगे. यह बदलाव पहले बैच के अग्निवीरों की चार साल की अवधि पूरी होने से पहले किया गया है. अग्निपथ योजना 14 जून 2022 को शुरू की गई थी.
