उत्तर प्रदेश के आगरा में ताजमहल के पास स्थित एक रिसॉर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं. ताजगंज क्षेत्र में जलमा संस्थान के पास स्थित ताज रिजॉर्ट के मालिक महेश कर्दम को धमकी भरा ईमेल मिला था. ईमेल में रिसॉर्ट में बम रखे होने और करीब आठ दिन के भीतर कभी भी विस्फोट होने का दावा किया गया था.

रिसॉर्ट प्रबंधन ने ईमेल की जानकारी तत्काल संबंधित थाने और साइबर सेल को दी. सूचना के बाद एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र नागर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची. सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए बम डिस्पोजल स्क्वाड को भी बुलाया गया.

परिसर और आसपास चला तलाशी अभियान

बम डिस्पोजल स्क्वाड ने रिसॉर्ट के अंदर अलग-अलग हिस्सों और आसपास के इलाके की बारीकी से जांच की. टीम ने काफी देर तक परिसर को खंगाला, लेकिन तलाशी के दौरान कोई बम, विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. जांच पूरी होने के बाद तत्काल खतरे से जुड़ी कोई वस्तु सामने नहीं आई.

पुलिस ने धमकी को गंभीरता से लेते हुए ईमेल और उससे जुड़े डिजिटल डेटा को साइबर सेल को भेज दिया है. अब साइबर टीम ईमेल के स्रोत और इसे भेजने वाले व्यक्ति की पहचान के प्रयास कर रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि धमकी भेजने के पीछे क्या मंशा थी.

एसीपी ताज सुरक्षा के अनुसार, रिसॉर्ट मालिक से सूचना मिलने के बाद पूरे परिसर की जांच कराई गई थी. मामले में आगे की कार्रवाई साइबर जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी.