नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित ‘किसान तक भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026’ में महिंद्रा एंड महिंद्रा ग्रुप के फार्म इक्विपमेंट बिजनेस प्रेसिडेंट विजय नाकरा ने भारतीय कृषि में तकनीक और मशीनीकरण की भूमिका पर बात की. उन्होंने कहा कि खेती में बदलाव के लिए केवल उत्पादन बढ़ाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि स्टोरेज, लॉजिस्टिक्स, फूड प्रोसेसिंग और बाजार तक पहुंच समेत पूरी कृषि वैल्यू चेन को मजबूत करना होगा.
नाकरा के मुताबिक, भारत में कृषि मशीनीकरण का स्तर अभी 50 फीसदी से कम है, जबकि विकसित देशों में यह करीब 90 फीसदी तक पहुंचता है. उन्होंने कहा कि भारत में फार्म मशीनरी के इस्तेमाल की बड़ी संभावनाएं हैं. मशीनों का उद्देश्य सिर्फ उत्पादन बढ़ाना नहीं, बल्कि किसानों का काम आसान, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना भी होना चाहिए.
जलवायु और संसाधनों की चुनौती
उन्होंने बदलते मौसम, जलवायु अनिश्चितता, बढ़ती लागत, मजदूरों की कमी और प्राकृतिक संसाधनों पर बढ़ते दबाव को कृषि क्षेत्र की प्रमुख चुनौतियां बताया. पानी की मांग खेती के अलावा उद्योग, बिजली उत्पादन और डेटा सेंटर जैसे क्षेत्रों में भी बढ़ रही है. ऐसे में राज्यों के सामने विकास और कृषि स्थिरता के बीच संतुलन बनाने की चुनौती होगी.
नाकरा ने कहा कि जीरो टिलेज और मल्टी क्रॉप सीडिंग जैसी तकनीकों से फसल अवशेषों को हटाए बिना बुवाई की जा सकती है. बेलर मशीनों की मदद से पराली इकट्ठा कर उसे जलाने की जरूरत कम की जा सकती है. सेंसर, सॉफ्टवेयर, AI और स्मार्ट ड्रिप इरिगेशन पानी की बचत तथा मौसम के अनुरूप खेती में मदद कर सकते हैं.
डेटा आधारित फैसलों पर जोर
उन्होंने कहा कि AI, डेटा, कंप्यूटिंग और सेमीकंडक्टर तकनीक के एक साथ आने से किसान अनुमान के बजाय जानकारी के आधार पर फैसले ले सकेंगे. AI आधारित सलाह, कंप्यूटर विजन, ऑटोनॉमस ट्रैक्टर और अन्य स्वचालित तकनीकों से मिट्टी की सेहत की रियल टाइम जानकारी, फसल रोगों की शुरुआती पहचान और पानी के बेहतर इस्तेमाल में मदद मिल सकती है.
हालांकि, उन्होंने जोर दिया कि तकनीक तभी प्रभावी होगी जब वह किफायती, आसान और किसानों की पहुंच में हो. इसके लिए वित्तीय सहायता भी जरूरी है. उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों, निजी कंपनियों, स्टार्टअप, विश्वविद्यालयों, शोध संस्थानों और किसान उत्पादक संगठनों के साथ मिलकर काम करने की जरूरत बताई.
नाकरा ने कृषि क्षेत्र के लिए ‘स्मार्ट किसान’ का मंत्र दिया. उनके अनुसार, सफलता का आकलन इस बात से होना चाहिए कि तकनीक से किसानों की आय, उत्पादकता और जीवन कितना बेहतर हुआ.
