अहमदाबाद में शहर को भिक्षावृत्ति-मुक्त बनाने की योजना के तहत नगर निगम के यूसीडी विभाग, पुलिस की एंटी-ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और राज्य के समाज सुरक्षा विभाग ने बुधवार को सभी जोन में संयुक्त एंटी-बेगिंग ड्राइव चलाया.

अभियान के दौरान भिक्षावृत्ति से जुड़े 89 वयस्कों और 72 बच्चों को शहर के अलग-अलग हॉटस्पॉट से रेस्क्यू किया गया. सभी का मेडिकल चेकअप कराया गया. इनमें से 17 पुरुषों को अदालत के समक्ष पेश करने के बाद भिक्षुक गृह भेजा गया.

बच्चों को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के सामने पेश किया गया. अधिकारियों के अनुसार, 10 बच्चों को बाल संरक्षण गृह भेजा गया, जबकि 62 बच्चों को उनके अभिभावकों को सौंपकर दोबारा भिक्षावृत्ति में शामिल न कराने की चेतावनी दी गई.

24 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी

सिग्नल पर बच्चों से कारों के शीशे साफ कराने, जोखिम भरे करतब कराने या मजदूरी कराने वाले 24 लोगों को पकड़ा गया. इनके खिलाफ जेजे एक्ट और जीपी एक्ट के तहत मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है.

अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में भी ऐसी संयुक्त कार्रवाई जारी रहेगी. नगर निगम ट्रैफिक सिग्नलों पर शीशे साफ करने, खिलौने बेचने और भीख मांगने वाले बच्चों को रेस्क्यू करने की कार्रवाई कर रहा है.