अहमदाबाद की एक राइस मिल चलाने वाली कंपनी से साइबर ठगी में ₹80 लाख ट्रांसफर करवा लिए गए. शिकायत के अनुसार, ठग ने कंपनी के अकाउंटेंट जयेशभाई के मोबाइल फोन में सेंध लगाकर खुद को कारोबारी मालिक प्रदीपभाई के रूप में पेश किया.

बताया गया है कि आरोपी ने जयेशभाई के फोन पर एक संदिग्ध फाइल भेजी थी. फोन तक अनधिकृत पहुंच मिलने के बाद उसने प्रदीपभाई का असली संपर्क नंबर हटाकर उसकी जगह अपना नंबर सेव कर दिया. नंबर के साथ प्रदीपभाई की डिस्प्ले तस्वीर भी लगाई गई, जिससे अकाउंटेंट को संदेश वास्तविक लगा.

इसके बाद आरोपी ने WhatsApp पर जयेशभाई को एक बैंक खाते में ₹80 लाख ट्रांसफर करने के लिए कहा. अकाउंटेंट ने संदेश पर भरोसा किया और कंपनी की रकम बताए गए खाते में भेज दी.

धोखाधड़ी का पता तब चला, जब आरोपी ने जयेशभाई से दोबारा ₹30 लाख मांगे. अतिरिक्त रकम की मांग पर संदेह होने के बाद अकाउंटेंट ने प्रदीपभाई से आमने-सामने बात की और पहले किए गए लेनदेन की जानकारी दी.

इसके बाद प्रदीपभाई ने साइबर क्राइम विभाग में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ जांच शुरू कर दी है और उसे ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है.

यह मामला ‘बॉस स्कैम’ से जुड़ा है, जिसमें ठग कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी की पहचान का इस्तेमाल कर कर्मचारियों से कारोबारी खातों से पैसे ट्रांसफर करवाते हैं.