अहमदाबाद के शीलज इलाके में सड़क हादसे में एक महिला की मौत के मामले में पुलिस ने 96 घंटे बाद राजस्थान से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर की रात गणेशोत्सव का सामान लेकर लौट रहे दंपति को तेज रफ्तार पल्सर ने टक्कर मारी थी. हादसे में स्कूटर पर सवार निशि गंभीर रूप से घायल हो गईं और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, टक्कर के बाद निशि करीब 10 फीट तक सड़क पर घिसटती चली गईं. बाइक सवार मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने आरोपी की पहचान सुनील परमार के रूप में की है, जो अहमदाबाद के थलतेज इलाके में घरेलू सहायक के तौर पर काम करता था.

पुलिस के मुताबिक, हादसे में सुनील के सिर और पीठ पर भी चोटें आई थीं. स्थानीय लोगों की सूचना पर उसे 108 एंबुलेंस से सोला सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन होश आने के बाद वह वहां से चला गया. पुलिस का दावा है कि वह पहले एक दोस्त के घर पहुंचा और फिर बस से राजस्थान के डूंगरपुर स्थित अपने घर चला गया, जहां उसने बिना इलाज कराए आराम किया.

CCTV और बाइक से मिला सुराग

जांच के दौरान बोपल पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. मौके पर छोड़ी गई पल्सर की जांच से उसका राजस्थान से संबंध सामने आया. इसके बाद पुलिस ने उस घर के मालिक से पूछताछ की, जहां सुनील काम करता था, और डूंगरपुर स्थित उसके पते तक पहुंची.

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान सुनील ने हादसे की बात स्वीकार की, हालांकि उसे यह जानकारी नहीं थी कि घायल महिला की मौत हो चुकी है. निशि कोरियोग्राफर हार्दिक दर्जी की पत्नी थीं. गिरफ्तारी में देरी के बीच हार्दिक ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर आरोपी को पकड़ने की अपील की थी. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.