एअर इंडिया की दिल्ली से काठमांडू जा रही फ्लाइट AI219 शनिवार को तकनीकी खराबी की आशंका के बाद दिल्ली लौट आई. विमान में 150 यात्री सवार थे. वापस लौटने के बाद सभी यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से नेपाल भेजा गया.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान नेपाल के एयरस्पेस में प्रवेश करने वाला था, तभी पायलट ने तकनीकी समस्या की जानकारी दी. इसके बाद फ्लाइट को लखनऊ के ऊपर से दिल्ली की ओर मोड़ दिया गया. अभी यह स्पष्ट नहीं है कि विमान में किस तरह की तकनीकी समस्या आई थी.

यह विमान Airbus A320-214 मॉडल का था. इसने नई दिल्ली से दोपहर 2:42 बजे काठमांडू के लिए उड़ान भरी थी. उड़ान का निर्धारित आगमन समय शाम 4:30 बजे था.

काठमांडू के त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट के एक अधिकारी के मुताबिक, विमान नेपाली एयरस्पेस में प्रवेश करने से पहले वापस लौट गया. एयरपोर्ट की ओर से इस घटना पर अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

हाल की अन्य तकनीकी घटनाएं

13 सितंबर को भोपाल से दिल्ली जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट में तकनीकी खराबी के बाद उसे जयपुर डायवर्ट किया गया था. 6 सितंबर को बेंगलुरु से लंदन जा रही Virgin Atlantic की उड़ान तकनीकी समस्या के बाद बेंगलुरु लौट आई थी.

3 सितंबर को वाराणसी से दिल्ली जा रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में कार्गो होल्ड का smoke alarm बजने के बाद उसे लखनऊ डायवर्ट किया गया था. इससे पहले 27 मई को दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट भी तकनीकी खराबी के बाद वापस दिल्ली लौट आई थी.