एयर इंडिया के भावी मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और प्रबंध निदेशक (MD) तेवोल्डे गेबरियाम ने कर्मचारियों से सहयोग और प्रतिबद्धता की अपील की है. अपने पहले कर्मचारी संबोधन में उन्होंने एयरलाइन की सेवाओं में व्यवधान कम करने और यात्रियों की बेहतर देखभाल पर जोर दिया.

गेबरियाम ने कहा कि एयर इंडिया की विरासत मजबूत है, ब्रांड की पहचान प्रभावशाली है और इसमें काफी संभावनाएं हैं. उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि सही समय पर सही फैसले लिए जाएं तो एयरलाइन के लिए संभावनाएं बहुत बड़ी हैं.

सुरक्षा और ग्राहक सेवा पर जोर

उन्होंने सुरक्षा-केंद्रित संस्कृति को एयर इंडिया की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया. गेबरियाम के मुताबिक, व्यवधानों को कम करने की कोशिश होनी चाहिए और अगर ऐसी स्थिति पैदा होती है तो उसे पेशेवर तरीके से संभालते हुए यात्रियों का ध्यान रखा जाना चाहिए.

उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि सार्थक बदलाव के लिए उनका सहयोग और प्रतिबद्धता जरूरी है. अपने संबोधन में उन्होंने यह भी कहा कि एयर इंडिया को फिर से एक मजबूत ब्रांड बनाने का अवसर उनके सामने है.

गेबरियाम ने मुंबई में 1990 के दशक के अपने अनुभव को याद करते हुए कहा कि उस समय एयर इंडिया विमानन उद्योग में शीर्ष पर थी. उन्होंने अमेरिकी अनुभव का संदर्भ देते हुए एयर इंडिया को फिर से मजबूत बनाने की इच्छा जताई और संबोधन में “Make Air India Great Again” वाक्यांश का इस्तेमाल किया.

इथियोपियन एयरलाइंस का लंबा अनुभव

एयर इंडिया ने 5 अगस्त को व्यापक चयन प्रक्रिया के बाद गेबरियाम को CEO और MD नियुक्त करने की घोषणा की थी. इस प्रक्रिया की निगरानी कंपनी की एक विशेष बोर्ड समिति ने की थी. गेबरियाम को इथियोपियन एयरलाइंस ग्रुप में करीब चार दशक का अनुभव है और वह 11 साल से अधिक समय तक उसके CEO रह चुके हैं.

वह जरूरी मंजूरियां मिलने के बाद एयर इंडिया के CEO और MD का पद संभालेंगे. कर्मचारी संबोधन में एयर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन और मौजूदा CEO एवं MD कैंपबेल विल्सन ने भी बात की. विल्सन ने कहा कि एयर इंडिया के अच्छे दिन अभी आने बाकी हैं और वह पद से हटने के बाद भी एयरलाइन के समर्थक बने रहेंगे.