गोवा से मुंबई जा रही Air India Express की फ्लाइट IX-2842 को सोमवार, 23 नवंबर को ईंधन कम होने के कारण सूरत की ओर मोड़ना पड़ा. विमान में 142 यात्री सवार थे. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान सूरत एयरपोर्ट पर दोपहर करीब 3:31 बजे सुरक्षित उतरा.

बताया गया कि विमान मुंबई में उतरने की तैयारी कर रहा था और कुछ देर तक हवा में चक्कर लगाता रहा. लैंडिंग से कुछ मिनट पहले विमान ने दोबारा उड़ान भरी. इसके बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को ईंधन कम होने की जानकारी दी और सूरत जाने की अनुमति मांगी.

सूरत पहुंचने के बाद विमान में ईंधन भरा गया और जरूरी जांच की गई. विमान करीब डेढ़ घंटे तक सूरत एयरपोर्ट पर रुका. इसके बाद इसे फिर मुंबई के लिए रवाना किया गया. यात्रियों को पायलट ने बताया कि ईंधन की स्थिति को देखते हुए विमान को सूरत डायवर्ट किया गया था.

अनुपम खेर ने साझा किया अनुभव

अभिनेता अनुपम खेर ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया. उन्होंने बताया कि वह दोपहर 1:10 बजे गोवा से मुंबई के लिए रवाना हुए थे. उनके अनुसार, मुंबई पहुंचने के बाद विमान काफी देर तक हवा में रहा और लैंडिंग से ठीक पहले अचानक ऊपर उठ गया.

अनुपम खेर ने कहा कि वह हवाई यात्रा से डरते हैं और पिछले दो साल में मुंबई में लैंडिंग के दौरान उनके साथ ऐसा चौथी बार हुआ है. उन्होंने विमान के दोबारा ऊपर उठने को यात्रियों के लिए तनावपूर्ण बताया.

खेर ने कहा कि वह इस घटना के लिए पायलट, कप्तान या एयरलाइन को जिम्मेदार नहीं मानते, क्योंकि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कदम उठाया गया. हालांकि, उन्होंने मुंबई में दो एयरपोर्ट होने के बावजूद हवाई यातायात प्रबंधन पर सवाल उठाया और बेहतर समन्वय की जरूरत बताई.