फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की उड़ान AI2030 को बुधवार को कथित हाइजैक खतरे के बाद जयपुर डायवर्ट किया गया. विमान ने जयपुर हवाईअड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की, जिसके बाद उसे सुरक्षा जांच के लिए अलग आइसोलेशन बे में ले जाया गया.

जयपुर पुलिस के सहायक आयुक्त (मालवीय नगर) शिव दयाल के अनुसार, खतरे की सूचना के बाद हवाईअड्डा प्रशासन ने पुलिस को आपात लैंडिंग के बारे में जानकारी दी. पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने आइसोलेशन बे में विमान की जांच शुरू की.

एयर इंडिया ने बयान में कहा कि 14 अक्टूबर को संचालित इस उड़ान को सुरक्षा संबंधी चिंता के कारण जयपुर मोड़ा गया था. विमान के सुरक्षित उतरने के बाद संबंधित सुरक्षा एजेंसियों ने विमान और चालक दल की आवश्यक जांच की और उन्हें मंजूरी दे दी.

एयरलाइन के मुताबिक, सभी यात्रियों को विमान से उतारकर उनकी सुरक्षा जांच की गई. जांच पूरी होने के बाद यात्रियों ने दोबारा विमान में बोर्डिंग की. एयर इंडिया ने कहा कि उसकी टीमों ने यात्रियों को होने वाली असुविधा कम करने के लिए अधिकारियों के साथ मिलकर काम किया और इस अप्रत्याशित व्यवधान के लिए खेद जताया.

पायलट ने कथित तौर पर 7500 कोड दबाया

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान जब मुंबई Flight Information Region के ऊपर उड़ रहा था, तब पायलट ने Squawk Code 7500 सक्रिय किया. यह ट्रांसपोंडर कोड हाइजैक या विमान में गैरकानूनी हस्तक्षेप का अंतरराष्ट्रीय संकेत माना जाता है. इसके बाद विमान को जयपुर की ओर मोड़ा गया.

लैंडिंग के बाद यात्रियों और पायलटों को सुरक्षा निगरानी में चरणबद्ध तरीके से उतारा गया. यात्रियों के सामान की भी जांच की गई. ATS, हवाईअड्डा सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय पुलिस ने आइसोलेशन बे को घेरकर तलाशी अभियान चलाया. नई दिल्ली में NSG को भी अलर्ट पर रखा गया था. यात्रियों की संख्या और खतरे के स्रोत के बारे में तत्काल विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं थी.