एयर इंडिया के एक पायलट को ज्यूरिख से दिल्ली जाने वाली AI-151 उड़ान से टेकऑफ से कुछ समय पहले उतार दिया गया. 6 सितंबर को हुई इस घटना में पायलट अल्कोहल टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए. एयरलाइन ने उन्हें जांच और अंतिम मेडिकल रिपोर्ट आने तक निलंबित कर दिया है.
टेकऑफ से पहले ग्राउंड हैंडलिंग स्टाफ को पायलट से शराब की गंध आने का संदेह हुआ था. इसकी सूचना अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद पायलट का अल्कोहल टेस्ट कराया गया. रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उन्हें विमान से उतार दिया गया. बाद में उन्हें उसी उड़ान से यात्री के रूप में भारत भेजा गया.
इस घटना के कारण AI-151 उड़ान अपने निर्धारित समय पर संचालित नहीं हो सकी. स्विस फेडरल ऑफिस ऑफ सिविल एविएशन (FOCA) ने मामले की पुष्टि की है. FOCA के अनुसार, पायलट के खिलाफ स्विट्जरलैंड के नियमों के तहत कार्रवाई की गई और इसकी जानकारी भारत के Directorate General of Civil Aviation (DGCA) को दी गई.
पायलटों के लिए अल्कोहल और ड्रग टेस्ट के नियम
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, भारत से रवाना होने वाली उड़ानों के पायलटों का उड़ान से पहले अल्कोहल और ड्रग टेस्ट किया जाता है. विदेश से भारत आने वाली उड़ानों में आमतौर पर यह जांच लैंडिंग के बाद की जाती है. DGCA के नियमों के तहत पायलट और क्रू सदस्य उड़ान से 12 घंटे पहले तक शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन नहीं कर सकते. उड़ान के दौरान शराब का सेवन भी प्रतिबंधित है.
पायलटों के लिए प्री-फ्लाइट और पोस्ट-लैंडिंग ब्रीथ-एनालाइजर टेस्ट तथा रैंडम साइकोएक्टिव सब्स्टेंस टेस्ट का प्रावधान है. एयर इंडिया से जुड़े एक अन्य मामले में 4 अगस्त को फुकेत-दिल्ली उड़ान के कमांडर का ड्रग टेस्ट दो बार पॉजिटिव आने की बात सामने आई थी. उस मामले में पायलट ने नींद की समस्या के लिए डॉक्टर की सलाह से दवा लेने की बात कही थी.
