पूर्व WHO मुख्य वैज्ञानिक डॉ. सौम्या स्वामीनाथन ने वायु प्रदूषण को COVID जैसी बड़ी सार्वजनिक स्वास्थ्य आपात स्थिति मानने की अपील की है. एक साक्षात्कार में उन्होंने कहा कि प्रदूषण का असर शरीर के लगभग हर हिस्से पर पड़ सकता है और यह धीरे-धीरे होने के कारण अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है.

उन्होंने बच्चों और गर्भवती महिलाओं पर इसके प्रभाव को लेकर विशेष चिंता जताई. उनके अनुसार PM2.5 जैसे सूक्ष्म कण फेफड़ों से रक्तप्रवाह और प्लेसेंटा तक पहुंच सकते हैं. अधिक प्रदूषण वाले क्षेत्रों में समय से पहले जन्म और कम वजन वाले शिशुओं का जोखिम बढ़ने की बात उन्होंने कही. बच्चों में फेफड़ों के विकास और मस्तिष्क पर भी असर पड़ सकता है.

डॉ. स्वामीनाथन ने स्कूल बंद करने के बजाय कक्षाओं में एयर प्यूरिफायर, विद्यार्थियों के लिए पिक-एंड-ड्रॉप बस और बड़े बच्चों के लिए बाहर मास्क की व्यवस्था का सुझाव दिया.

उन्होंने सामान्य AQI के साथ Air Quality Health Index शुरू करने, राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम बनाने और प्रदूषण नियंत्रण के लिए दीर्घकालिक, जवाबदेह योजना तैयार करने की मांग रखी.