केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया है कि निजी एयरलाइंस द्वारा वसूले जाने वाले मनमाने हवाई किराये को नियंत्रित करने के लिए नए नियमों को अंतिम रूप दे दिया गया है. सरकार के अनुसार, इन नियमों को अगले दो हफ्तों में सार्वजनिक किया जाएगा.

यह जानकारी निजी एयरलाइंस के किराये से जुड़ी जनहित याचिका (PIL) की सुनवाई के दौरान दी गई. सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने जस्टिस विक्रम नाथ, जस्टिस आर. महादेवन और जस्टिस अपरेश सिंह की पीठ को बताया कि नियमों को सरकारी मंजूरी मिल चुकी है.

सुप्रीम कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 16 नवंबर को तय की है. अदालत ने सरकार को तब तक प्रकाशित किए जा चुके नियमों को उसके सामने पेश करने का निर्देश दिया है. अभी यह स्पष्ट नहीं है कि नए नियमों में किराये की अधिकतम सीमा, पीक सीजन में बढ़ोतरी और आपात स्थिति में लागू होने वाली शर्तें क्या होंगी.

अगस्त की सुनवाई में एयरलाइंस को चेतावनी

इससे पहले अगस्त में हुई सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने नियमों का पालन नहीं करने वाली एयरलाइंस को उड़ान भरने से रोकने यानी ग्राउंडेड करने की चेतावनी दी थी. उस समय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने अदालत को बताया था कि अंतिम नियम बनने तक एयरलाइंस को किराये से संबंधित ऑफिस मेमोरेंडम जारी किए जा रहे हैं, लेकिन उनका पालन नहीं किया जा रहा है. अदालत ने सरकार की ओर से पेश किए गए मसौदा नियमों की भी समीक्षा की थी.

इंडिगो की पैरेंट कंपनी के शेयर में गिरावट

किराये पर संभावित सरकारी नियंत्रण की खबरों के बाद इंटरग्लोब एविएशन के शेयर में दबाव देखा गया. कंपनी का शेयर 2.17 प्रतिशत गिरकर ₹4,674 पर बंद हुआ. निवेशकों को आशंका है कि किराये की सीमा या सख्त नियम लागू होने से एयरलाइंस के लाभ मार्जिन और प्रति यात्री आय पर असर पड़ सकता है.

नए नियमों के सार्वजनिक होने और 16 नवंबर की सुनवाई के बाद ही यात्रियों तथा एयरलाइंस पर इनके वास्तविक प्रभाव की तस्वीर स्पष्ट होगी.