राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने IIT Roorkee के दीक्षांत समारोह में अपने शुरुआती खुफिया करियर से जुड़ा सिक्किम का एक तनावपूर्ण प्रसंग साझा किया. उन्होंने बताया कि उस समय वे 20 की उम्र में एक युवा IPS अधिकारी थे और सिक्किम में खुफिया जिम्मेदारी संभाल रहे थे.

डोभाल के अनुसार, उनकी जिम्मेदारियों में सीमा क्षेत्रों की निगरानी और चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटाना शामिल था. इसी दौरान सीमा क्षेत्र में एक खुफिया मिशन पर भेजा गया दल लगभग आठ दिन बाद लौटने वाला था, लेकिन पांच, दस और फिर करीब 15 दिन बीत गए. दल की कोई रिपोर्ट नहीं मिली.

उन्होंने बताया कि मुख्यालय से फोन आने पर उन्हें जानकारी दी गई कि दल चीनी हिरासत में है और उससे पूछताछ की गई है. डोभाल ने कहा कि बातचीत या किसी समझौते के बाद चीन ने दल को वापस भेज दिया. उनके मुताबिक, लौटे लोग बेहद खराब हालत में थे और घटना की जांच शुरू की गई.

डोभाल ने कहा कि उस समय उन्हें लगा था कि उनका करियर खत्म हो गया है. हालांकि, जांच में उन्हें दोषी नहीं पाया गया. उन्होंने बताया कि मुख्यालय से दिए गए नक्शों और स्केच में खामियां थीं. सिक्किम 1975 में भारत का 22वां राज्य बना था.