महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने अपने पति और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में मौत की जांच को लेकर एनसीपी (एसपी) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले की आलोचना पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने विपक्षी नेताओं से अपील की कि अजित पवार की मौत की त्रासदी को राजनीतिक मुद्दा न बनाया जाए.
सुनेत्रा पवार ने गुरुवार को पुणे में पत्रकारों से कहा कि अजित पवार को खोने का दर्द उनकी मां, बच्चों और वह खुद ही सबसे बेहतर समझ सकते हैं. उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में अजित दादा के निधन से पैदा हुआ खालीपन बहुत बड़ा है और इस मामले पर टिप्पणी करने वालों को परिवार के दुख का ध्यान रखना चाहिए.
सुप्रिया सुले ने उठाए थे जांच पर सवाल
सुनेत्रा की यह प्रतिक्रिया सुप्रिया सुले के उस बयान के एक दिन बाद आई, जिसमें उन्होंने अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी पर विमान हादसे की जांच और एफआईआर की मांग को लेकर चुप रहने का आरोप लगाया था.
सुले ने कहा था कि उनके परिवार ने एक प्रमुख सदस्य को खोया है, लेकिन पार्टी के 40 विधायकों या आठ-नौ मंत्रियों में से किसी ने भी अजित पवार की मौत के मामले में एफआईआर दर्ज करने या उचित जांच की मांग नहीं की. उन्होंने आरोप लगाया था कि भाई के चले जाने के बाद भी पार्टी सत्ता का आनंद ले रही है.
अजित पवार और चार अन्य लोगों की 28 जनवरी को पुणे जिले में बारामती हवाई अड्डे के पास विमान दुर्घटना में मौत हुई थी. हादसे के बाद एनसीपी (एसपी) के विधायक रोहित पवार ने भी एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी.
परिवार को जांच एजेंसियों पर भरोसा
सुनेत्रा पवार ने कहा कि हादसे के बाद परिवार ने ठोस निर्णय की मांग की थी और इस सिलसिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात भी की थी. उनके मुताबिक, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में अपना आश्वासन दिया है और उसे पूरा करने के लिए प्रयास कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि परिवार को संविधान और जांच एजेंसियों पर पूरा भरोसा है. सुनेत्रा ने जांच एजेंसियों को अपना काम पूरा करने के लिए पर्याप्त समय देने की अपील की.
उन्होंने मामले पर मीडिया में बार-बार हो रही चर्चा पर भी सवाल उठाया. सुनेत्रा के मुताबिक, लगातार मीडिया के सामने आने का अर्थ यह नहीं है कि जांच से जुड़ी कोई नई जानकारी मिल रही है. उन्होंने आशंका जताई कि कहीं इस मामले में बार-बार मीडिया ट्रायल तो नहीं चल रहा.
मुख्यमंत्री फडणवीस ने विधानसभा में कहा था कि हादसे की जांच राष्ट्रीय और राज्य स्तर की एजेंसियां कर रही हैं. सुनेत्रा पवार ने कहा कि परिवार जांच की प्रक्रिया पर भरोसा रखता है और मामले को राजनीतिक बयानबाजी के बजाय जांच के निष्कर्षों के आधार पर देखा जाना चाहिए.
