अमृतसर: अकाल तख्त के कार्यवाहक जत्थेदार और तख्त श्री केसगढ़ साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गर्गज्ज ने पाकिस्तान के पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज शरीफ को पत्र लिखकर लाहौर की वॉल्ड सिटी स्थित सिख ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण और सुरक्षा की मांग की है. पत्र में खास तौर पर लाल कुआं और कटारी चंदू का उल्लेख किया गया है, जिन्हें श्री गुरु अर्जन देव जी की शहादत से जुड़ा बताया गया है.

ज्ञानी गर्गज्ज ने पाकिस्तान के पंजाब सरकार से इन स्थलों की मौजूदा स्थिति की तत्काल जांच कराने का अनुरोध किया. उन्होंने कहा कि अगर वहां किसी तरह का निर्माण या बदलाव का काम चल रहा है, तो जांच पूरी होने तक उसे रोक दिया जाना चाहिए.

पत्र की प्रति प्रांतीय मंत्री और पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष रमेश सिंह अरोड़ा को भी भेजी गई है. जत्थेदार ने सुझाव दिया कि जांच में वॉल्ड सिटी ऑफ लाहौर अथॉरिटी, पुरातत्व विभाग और अन्य संबंधित विभागों के विशेषज्ञों को शामिल किया जाए. उन्होंने सिख इतिहास के विशेषज्ञों और पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रतिनिधियों की भागीदारी की भी बात कही.

उन्होंने कहा कि यदि इन स्थलों का ऐतिहासिक महत्व स्थापित होता है, तो उन्हें कानूनी रूप से विरासत स्थल का दर्जा देने के लिए जरूरी कदम उठाए जाने चाहिए. इसके साथ ही लाहौर की वॉल्ड सिटी में सिख इतिहास से जुड़े प्रमुख स्थलों का व्यापक विरासत सर्वे कराने का सुझाव दिया गया. इसमें स्थलों की मौजूदा स्थिति, ऐतिहासिक महत्व, स्वामित्व और कानूनी स्थिति का दस्तावेजीकरण शामिल हो.

पत्र के अनुसार, लाल कुआं और कटारी चंदू से जुड़े मुद्दे को सिख संगत ने अकाल तख्त के ध्यान में लाया था. जत्थेदार ने निर्माण गतिविधि को लेकर चिंता जताई, लेकिन कहा कि किसी निष्कर्ष पर पहुंचने के बजाय आधिकारिक तथ्य-जांच कराई जानी चाहिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि पत्र का उद्देश्य किसी सरकार, संस्था या व्यक्ति पर आरोप लगाना नहीं, बल्कि लाहौर की साझा ऐतिहासिक विरासत की ओर ध्यान दिलाना है.