अकासा एयर की उड़ान QP 1925 कोलकाता एयरपोर्ट पर उतरते समय टेल स्ट्राइक की घटना का शिकार हुई. विमान अहमदाबाद से कोलकाता जा रहा था. एयरलाइन के अनुसार, लैंडिंग के दौरान विमान ने पहले गो-अराउंड किया और उसके बाद सुरक्षित रूप से रनवे पर उतर गया.

टेल स्ट्राइक उस स्थिति को कहा जाता है, जब विमान का पिछला हिस्सा लैंडिंग के दौरान जमीन या रनवे से संपर्क में आ जाता है. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, घटना में विमान में सवार यात्रियों और चालक दल के सुरक्षित होने की पुष्टि की गई है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना के बाद विमान को विस्तृत निरीक्षण के लिए एयरपोर्ट पर खड़ा रखा गया. यह जांच की जा रही है कि टेल स्ट्राइक के दौरान विमान के पिछले हिस्से को कितना नुकसान हुआ. घटना के कारणों पर आधिकारिक स्तर पर विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है. एयरलाइन ने बयान में सुरक्षित लैंडिंग और गो-अराउंड की पुष्टि की है.