बिहार के सासाराम से आने वाले भारतीय तेज गेंदबाज आकाश दीप ने पटना में आयोजित ‘खेलोगे कूदोगे बनोगे नवाब’ सत्र में अपने क्रिकेट सफर के शुरुआती संघर्षों को साझा किया. उन्होंने बताया कि बचपन में बैटिंग किट खरीदने के लिए पर्याप्त पैसे नहीं थे, इसलिए उन्होंने बल्लेबाजी छोड़कर गेंदबाजी शुरू कर दी.

आकाश दीप के मुताबिक, उनके गांव में क्रिकेट को करियर के तौर पर गंभीरता से नहीं देखा जाता था. वहां क्रिकेट खेलने के लिए उचित मैदान भी नहीं था और बच्चे मुख्य रूप से सॉफ्टबॉल से खेलते थे. उनके पिता शिक्षक थे और परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य थी, इसलिए पढ़ाई को ही सुरक्षित भविष्य का रास्ता माना जाता था.

उन्होंने बताया कि करीब 20-21 साल की उम्र में कुछ ही महीनों के अंतराल पर उनके पिता और बड़े भाई का निधन हो गया. इसके बाद वह दिल्ली चले गए, जहां उनकी बहन और फौजी जीजा रहते थे. दिल्ली में उन्होंने पहली बार लेदर बॉल क्रिकेट देखा.

गेंदबाजी चुनने की एक वजह यह भी थी कि इसमें बल्लेबाजी की तरह महंगे बैटिंग किट की जरूरत नहीं पड़ती थी. बाद में वह कोलकाता गए और क्लब क्रिकेट में मेहनत करने लगे. उनके अनुसार, अगले ही साल उन्हें प्रोफेशनल क्रिकेट में जगह मिल गई.

आकाश दीप ने बताया कि 2023 में उनके चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ी. टेस्ट टीम में चुने जाने की जानकारी उन्हें राहुल द्रविड़ के संदेश से मिली, लेकिन नंबर सेव नहीं होने के कारण वह शुरुआत में संदेश भेजने वाले को पहचान नहीं पाए. उनका टेस्ट डेब्यू रांची में हुआ, जहां उनकी मां और परिवार के सदस्य मौजूद थे.

उन्होंने सचिन तेंदुलकर को अपना आदर्श बताया और कहा कि वह खुद एक क्रिकेट अकादमी भी चलाते हैं. बिहार की खेल नीतियों पर उन्होंने कहा कि राज्य का खेल बजट 30 करोड़ रुपये से बढ़कर 560 करोड़ रुपये हो गया है.