समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की ‘घुसपैठिया’ टिप्पणी पर विवाद बढ़ गया है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने इस बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के लोगों को ‘घुसपैठिया’ कहना किसी भी रूप में सही नहीं है.
हरीश रावत ने फेसबुक पोस्ट में अखिलेश यादव की टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि संभव है, बयान देते समय अखिलेश यादव के मन में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संदर्भ रहा हो. हालांकि, रावत ने याद दिलाया कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश पहले एक ही राज्य का हिस्सा थे और विभाजन के समय दोनों राज्यों के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल रहा था.
रावत के मुताबिक, उस दौर में कुछ लोगों ने नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा, टिहरी और पौड़ी को अपना कर्मक्षेत्र बनाया, जबकि कुछ लोग इलाहाबाद, गोरखपुर, बनारस और लखनऊ में बस गए. उन्होंने कहा कि विभाजन के समय जो व्यक्ति जहां रह गया, वह वहीं का निवासी और वहां रहने का पूरा हकदार है.
उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड में रह गए उत्तर प्रदेश के लोगों और उत्तर प्रदेश में रह गए लोगों को सम्मान और अधिकार मिलना चाहिए. उनके अनुसार, ऐसे नागरिकों के लिए ‘घुसपैठिया’ शब्द का इस्तेमाल उचित नहीं है. रावत ने दूसरे राज्यों में काम करने वाले प्रवासी लोगों के योगदान का सम्मान करने की अपील भी की.
यह विवाद शुक्रवार को लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव की टिप्पणी के बाद शुरू हुआ. उन्होंने पूछा था कि उत्तर प्रदेश में सबसे बड़े ‘घुसपैठिया’ कौन हैं और उत्तराखंड के लोगों का संदर्भ दिया था. इसके बाद समाजवादी पार्टी ने सफाई दी कि उनका इशारा एक व्यक्ति की ओर था. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी बयान को उत्तराखंड के लोगों का अपमान बताया था.
