भोजपुर में बाढ़ से प्रभावित परिवारों के बीच भोजपुरी अभिनेत्री और गायिका अक्षरा सिंह पहुंचीं. उन्होंने शाहपुर प्रखंड के दामोदरपुर बांध पर रह रहे बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की और अपनी ओर से राहत सामग्री वितरित की.
अक्षरा सिंह ने लोगों के बीच सूखा राशन, साड़ी, कपड़े और महिलाओं के लिए सैनिटरी पैड समेत जरूरी सामान बांटे. इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से उनकी परेशानियों और जरूरतों के बारे में जानकारी ली. बाढ़ के कारण कई परिवार घर-बार और रोजमर्रा की आवश्यकताओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं.
‘बिहार की बेटी हूं’
अक्षरा सिंह ने कहा कि वह बिहार की बेटी हैं और मुश्किल समय में अपने लोगों के साथ खड़ा रहना उनकी जिम्मेदारी है. उनके मुताबिक, उन्होंने इसी धरती और यहां के लोगों की वजह से अपनी पहचान बनाई है. उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों के योगदान से ही वह आज इस मुकाम पर हैं, इसलिए आपदा के समय लोगों का दुख बांटना जरूरी है.
उन्होंने बताया कि वह मुंबई से यहां पहुंची हैं, ताकि अपनी क्षमता के अनुसार प्रभावित लोगों की मदद कर सकें. अक्षरा ने यह भी कहा कि राहत और सहयोग के लिए बिहार के लोगों को एक-दूसरे के साथ खड़ा होना चाहिए.
गंगा में घरों के विलीन होने का मुद्दा
बातचीत के दौरान अक्षरा सिंह ने जनिया इलाके में करीब 200 घरों के गंगा में विलीन होने की बात कही. उन्होंने दावा किया कि कुछ लोगों को आधा-अधूरा आवास मिला है और कई परिवार अब भी बांध पर रहने को मजबूर हैं. हालांकि, राजनीतिक सवालों पर उन्होंने कहा कि वह पूरे मामले की जानकारी हासिल किए बिना टिप्पणी नहीं करना चाहतीं.
मुख्यमंत्री या बड़े नेताओं के सामने जनिया और पीपर इलाके की समस्या रखने के सवाल पर अक्षरा ने कहा कि वह इस मुद्दे पर बात करने की कोशिश करेंगी. उन्होंने कहा कि फिलहाल उनका ध्यान उन लोगों की मदद पर है, जो बाढ़ के बीच गंभीर मुश्किलों का सामना कर रहे हैं.
अक्षरा सिंह ने कहा कि पहले वह दामोदरपुर बांध पर मौजूद लोगों के लिए अपनी ओर से मदद करेंगी और इसके बाद जहां तक संभव होगा, प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी रहेंगी.
