प्रयागराज: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने देवरिया के गौरी बाजार थाने में चार लोगों को कथित तौर पर 10 दिनों तक अवैध हिरासत में रखने के मामले में पुलिस अधिकारियों के जवाब पर कड़ी नाराजगी जताई है. सुनवाई के दौरान कोर्ट ने CCTV कैमरे के खराब होने और उसकी फुटेज उपलब्ध नहीं होने को लेकर एसपी देवरिया और थाने के SHO से स्पष्टीकरण मांगा.

पुलिस अधिकारियों ने अदालत को बताया कि जिस अवधि की CCTV फुटेज मांगी गई थी, उस दौरान कैमरा काम नहीं कर रहा था. SHO के मुताबिक कैमरा 12 अप्रैल के बाद खराब हुआ था, जबकि याचिका से जुड़ी हिरासत की अवधि 13 अप्रैल से 24 अप्रैल तक बताई गई है. कोर्ट ने यह भी पूछा कि कैमरा खराब होने की जानकारी थाने की जनरल डायरी में दर्ज क्यों नहीं की गई.

रिपोर्ट के अनुसार, एसपी देवरिया अभिजीत आर. शंकर ने अधिकारियों की ओर से अदालत से बिना शर्त माफी मांगी. हालांकि, कोर्ट ने कहा कि माफी अदालत से नहीं, बल्कि जनता से मांगी जानी चाहिए. सुनवाई के दौरान पीठ ने पुलिस अधिकारियों के स्पष्टीकरण पर टिप्पणी करते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि यह “झूठों का गिरोह” है.

SHO पर कार्रवाई को लेकर सवाल

अदालत ने पूछा कि CCTV में खामी के बावजूद SHO के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई. कोर्ट ने यह भी सवाल उठाया कि क्या SHO को निलंबित या पद से हटाया गया है. पुलिस की ओर से बताया गया कि SHO का Crime Branch में तबादला किया जा चुका है, लेकिन अदालत इस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं दिखी.

कोर्ट ने टिप्पणी की कि जो SHO जनरल डायरी में कैमरे के खराब होने की एंट्री तक नहीं कर सकता, उसे थाने का प्रभारी नहीं होना चाहिए.

याचियों को मुआवजे का निर्देश

हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को तीन याचियों को 20-20 हजार रुपये और एक याची को 5 हजार रुपये मुआवजा देने का निर्देश दिया. कुल 65 हजार रुपये की यह राशि SHO के वेतन से वसूलने का आदेश दिया गया है.

यह मामला महेंद्र गौर और तीन अन्य की ओर से दाखिल बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका से जुड़ा है. मामले की सुनवाई जस्टिस अतुल श्रीधरन और जस्टिस दिवेश चंद्र सामंत की डिवीजन बेंच कर रही है.