इलाहाबाद हाई कोर्ट ने कहा है कि कम फीस पर पोस्टग्रेजुएट मेडिकल शिक्षा लेने वाले डॉक्टरों को दाखिले के समय किए गए अनिवार्य सरकारी सेवा बॉन्ड की शर्त पूरी करनी होगी. कोर्स पूरा होने के बाद तीन महीने के भीतर पोस्टिंग नहीं मिलने से डॉक्टर अपने आप बॉन्ड की जिम्मेदारी से मुक्त नहीं हो सकते.
यह फैसला डॉ. अपरूपा सेन गुप्ता की याचिका पर सुनवाई के दौरान जस्टिस शेखर बी. सराफ और जस्टिस अवधेश कुमार चौधरी की बेंच ने दिया. डॉ. सेन गुप्ता ने लखनऊ स्थित SGPGI से ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन में MD किया था. उन्होंने दलील दी थी कि कोर्स पूरा होने के तीन महीने के भीतर सरकार ने उन्हें पोस्टिंग नहीं दी, इसलिए दो साल की अनिवार्य सरकारी सेवा का बॉन्ड खत्म माना जाना चाहिए.
बॉन्ड की शर्त क्यों जरूरी बताई गई
बेंच ने कहा कि दो साल की अनिवार्य सेवा का उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की उपलब्धता बनाए रखना और मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है. कोर्ट ने यह भी कहा कि डॉक्टर ने PDCC कोर्स के लिए सरकार से NOC लिया था. NOC में स्पष्ट था कि उस कोर्स के दौरान बिताया गया समय सरकारी सेवा बॉन्ड की अवधि में शामिल नहीं होगा.
अदालत के अनुसार, उत्तर प्रदेश में ऐसा कोई नियम नहीं है जिसके तहत तीन महीने में पोस्टिंग न मिलने पर डॉक्टर बॉन्ड की जिम्मेदारी से स्वतः मुक्त हो जाएं. बॉन्ड पूरा नहीं करने पर विशेषता के आधार पर निर्धारित राशि का भुगतान करना पड़ सकता है.
नई काउंसलिंग और 89 दिनों की सेवा का लाभ
कोर्ट ने हालांकि डॉक्टर को बॉन्ड सेवा की काउंसलिंग में शामिल होने का अवसर नहीं दिए जाने पर आपत्ति जताई. 1 जून 2026 का काउंसलिंग नोटिफिकेशन 2022 बैच के MD/MS और 2023 बैच के डिप्लोमा उम्मीदवारों के लिए था, जबकि याचिकाकर्ता 2021 बैच की थीं.
अदालत ने महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा और प्रशिक्षण को नई काउंसलिंग कराने का निर्देश दिया है. डॉक्टर को सरकारी मेडिकल कॉलेजों और नेशनल मेडिकल कमीशन से मान्यता प्राप्त संस्थानों में उपलब्ध रिक्त पदों में पसंद की जगह चुनने का अवसर दिया जाएगा. यह प्रक्रिया 27 सितंबर 2026 से चार सप्ताह के भीतर पूरी करने को कहा गया है. SGPGI में सीनियर रेजिडेंट के रूप में किए गए 89 दिनों को दो साल की अनिवार्य सेवा में समायोजित किया जाएगा. नई काउंसलिंग तक वह SGPGI में काम जारी रख सकेंगी.
