अलायंस एयर की प्रयागराज से नई दिल्ली जा रही फ्लाइट 9I-698 की शुक्रवार दोपहर दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग कराई गई. विमान के एक इंजन में हवा में तकनीकी खराबी आने के बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी सूचना दी और दिल्ली में आपात लैंडिंग की अनुमति मांगी.
विमान में क्रू सदस्यों समेत 40 लोग सवार थे. सभी यात्री और क्रू सुरक्षित बताए गए हैं. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, विमान ने दूसरे इंजन की मदद से उड़ान जारी रखी और दोपहर करीब 2:15 बजे सुरक्षित रूप से रनवे पर उतर गया.
IGI एयरपोर्ट पर आपात व्यवस्था
सूचना मिलने के बाद IGI एयरपोर्ट पर आपात अलर्ट जारी किया गया. टर्मिनल-1 के रनवे-4 पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए जरूरी इंतजाम किए गए. विमान के उतरने तक करीब 30 मिनट रनवे को पूरी तरह खाली रखा गया था.
फ्लाइट ने दोपहर करीब 12:33 बजे प्रयागराज से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी. रिपोर्ट के मुताबिक, मेरठ के आसपास पहुंचने पर पायलट को इंजन में तकनीकी समस्या का पता चला. इससे पहले यही विमान सुबह करीब 10:45 बजे बिलासपुर से प्रयागराज के लिए रवाना हुआ था और लगभग 11:58 बजे वहां पहुंचा था.
दो सप्ताह में दूसरी घटना
अलायंस एयर के विमान से जुड़ी करीब दो सप्ताह में यह दूसरी गंभीर घटना बताई गई है. 28 अगस्त को दिल्ली से बिलासपुर पहुंची फ्लाइट 9I-613 के लैंडिंग के दौरान विमान का बायां टायर फट गया था. रिपोर्ट के अनुसार, टायर फटने के बाद रनवे पर चिंगारी निकली और घर्षण हुआ, लेकिन विमान को सुरक्षित रोक लिया गया था. उस विमान में 37 यात्री और चार क्रू सदस्य सवार थे.
DGCA ने मौजूदा घटना की जांच के आदेश दिए हैं. जांच के बाद ही इंजन में आई तकनीकी खराबी के वास्तविक कारणों और विमान के रखरखाव से जुड़े पहलुओं पर स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी.
