उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के स्याल्दे ब्लॉक में खेत-क्यारियों को लेकर चल रहे विवाद के बाद 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, रतखेत बसई गांव में 19 सितंबर को कहासुनी के दौरान 75 वर्षीय राजे सिंह उर्फ ‘राजा बाबू’ ने तुलसी देवी पर लोहे की दराती से कथित तौर पर हमला किया. घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस के मुताबिक, हमले में तुलसी देवी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं. सूचना मिलने पर देघाट पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल ले जाया गया. चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने नामजद आरोपी की तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों में उसे पकड़ लिया.

चार साल से चल रहा था खेतों का विवाद

अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके घर के सामने स्थित खेत और क्यारियों को लेकर तुलसी देवी तथा उनके परिजनों से करीब चार वर्षों से विवाद चल रहा था. पुलिस का कहना है कि इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कई बार गाली-गलौज और कहासुनी हुई थी.

जांच के अनुसार, 19 सितंबर को भी इसी पुराने विवाद को लेकर दोनों के बीच बहस हुई. पुलिस का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर राजे सिंह ने दराती से महिला पर हमला कर दिया. धारदार हथियार से लगी चोट के बाद उनकी हालत गंभीर हो गई थी.

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लोहे की दराती बरामद करने की बात कही है. अधिकारियों के अनुसार, मामले से जुड़े सभी पहलुओं और जमीन संबंधी पुराने विवाद की पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है. आगे की कानूनी कार्रवाई उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी.