पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पार्टी में अपनी भूमिका को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल करने की बात कही है. उन्होंने बताया कि मुलाकात के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री से पूछा कि पंजाब में अब उनकी जरूरत है या नहीं.
अमरिंदर सिंह के मुताबिक, उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल हुए करीब पांच साल हो चुके हैं, लेकिन इस दौरान दिल्ली या पंजाब में किसी ने उनसे राजनीतिक चर्चा नहीं की. उनके अनुसार, प्रधानमंत्री ने जवाब दिया कि पार्टी इस विषय को देख रही है. इस पर उन्होंने कहा कि पांच साल लंबा समय होता है.
कैप्टन ने दावा किया कि पंजाब की राजनीति में उनके करीब 60 साल के अनुभव के बावजूद पार्टी नेतृत्व ने उनसे राय नहीं ली. उन्होंने कहा कि पंजाब से जुड़े काम के लिए दूसरे राज्यों से नेताओं को भेजा जाता है, जबकि राज्य को समझने वाले नेताओं के लिए समय नहीं निकाला जाता.
उन्होंने यह भी बताया कि कमर की सर्जरी और घुटना बदलवाने के कारण उन्हें समय लगा, लेकिन अब वे खुद को फिट महसूस कर रहे हैं. अमरिंदर सिंह के अनुसार, इस बातचीत के बाद भाजपा के पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया ने फोन कर चंडीगढ़ में मिलने की बात कही.
भाजपा की कार्यशैली पर सवाल
अमरिंदर सिंह ने भाजपा को ‘एक्सक्लूसिव’ पार्टी बताते हुए आरोप लगाया कि महत्वपूर्ण फैसलों में पुराने पार्टी नेताओं पर ही भरोसा किया जाता है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से मुलाकात का समय लेना मुश्किल है और शीर्ष नेतृत्व अक्सर यह बताता है कि क्या करना है, यह नहीं पूछता कि क्या करना चाहिए.
उन्होंने दावा किया कि भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस नेताओं को दूसरे राज्यों में भी इसी तरह की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है. साथ ही, पंजाब कांग्रेस की गुटबाजी पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि यदि चुनाव से पहले पार्टी नेतृत्व सख्ती दिखाए, तो कांग्रेस के नेता एकजुट हो सकते हैं.
