Amazon ने आगामी त्योहारी सीजन से पहले भारत में अपने संचालन नेटवर्क के विस्तार की घोषणा की है. कंपनी के अनुसार, इस विस्तार के तहत 20 फुलफिलमेंट सेंटर, छह सॉर्ट सेंटर और 150 लास्ट-माइल डिलीवरी स्टेशन शुरू किए जा रहे हैं.

यह विस्तार भारत में संचालन और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए घोषित ₹2,800 करोड़ से अधिक के निवेश का हिस्सा है. Amazon के मुताबिक, नई सुविधाओं के चालू होने के बाद देश में उसकी कुल भंडारण क्षमता 50% बढ़कर 6.4 करोड़ क्यूबिक फीट हो जाएगी. इन सुविधाओं का संचालन और प्रबंधन थर्ड-पार्टी लॉजिस्टिक्स सेवा प्रदाताओं द्वारा किया जाएगा.

गैर-मेट्रो शहरों पर जोर

कंपनी ने बताया कि छह नए सॉर्ट सेंटर चिक्काबल्लापुर, हासन, मेरठ, रामनगर, रायपुर और वाराणसी में स्थापित किए जा रहे हैं. ये सभी गैर-मेट्रो शहरों में हैं. 20 नए फुलफिलमेंट सेंटर में से सात भी गैर-मेट्रो शहरों में बनाए जा रहे हैं.

150 नए लास्ट-माइल डिलीवरी स्टेशन 118 शहरों में होंगे. इनमें भोजपुर, बोकाजन, जालौन, जहानाबाद, नामसाई, पुरुलिया, रिभोई, सेनापति, शिवसागर, उदलगुड़ी, उखरूल और वोखा शामिल हैं. इन 12 स्थानों पर Amazon का पहला लास्ट-माइल डिलीवरी स्टेशन स्थापित होगा.

त्योहारी अवधि में अनुमानित मांग को संभालने के लिए Amazon ने पहले 400 शहरों में 1.6 लाख से अधिक मौसमी रोजगार अवसर पैदा करने की घोषणा की थी. ये अवसर महानगरों के साथ-साथ टियर-2 और टियर-3 शहरों में भी होंगे.

Amazon के भारत, एशिया-प्रशांत, मध्य पूर्व, तुर्किये और अफ्रीका संचालन के उपाध्यक्ष अभिनव सिंह ने कहा कि नई सुविधाएं ग्राहकों और विक्रेताओं की बदलती जरूरतों को पूरा करने में मदद करेंगी और स्थानीय समुदायों में रोजगार अवसरों का समर्थन करेंगी.