हरियाणा के अंबाला शहर के पास सोंढा गांव में शुक्रवार को पानी के खुले हौद में गिरने से दो साल की बच्ची की मौत हो गई. मृतका की पहचान चंदा कुमारी के रूप में हुई है. उसका परिवार मूल रूप से बिहार के बेगूसराय का रहने वाला है और गांव में किराये के मकान में रहकर मजदूरी करता है.
पुलिस के अनुसार, चंदा घर के आंगन में खेल रही थी. इसी दौरान वह घर के बाहर बने पानी के हौद तक पहुंच गई और उसमें गिर गई. हादसे के समय हौद का ढक्कन खुला हुआ था. बच्ची के दिखाई नहीं देने पर उसकी मां ने तलाश शुरू की और शोर मचाया. इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से बच्ची को पानी से बाहर निकाला गया.
परिजन उसे पहले स्थानीय निजी चिकित्सक के पास ले गए. वहां से अंबाला के नागरिक अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. अधिकारियों के मुताबिक, परिजनों के बयान दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
