हैदराबाद के गाचीबोवली इलाके में एक होटल के कमरे से 41 वर्षीय अमेरिकी नागरिक मिशेल ब्रायन ली का शव मिला है. साइबराबाद पुलिस आयुक्तालय की गाचीबोवली पुलिस ने संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस के अनुसार, कैलिफोर्निया निवासी ली 2 नवंबर को अपने बिजनेस पार्टनर डेविड के साथ कारोबारी यात्रा पर हैदराबाद आए थे. दोनों SLN Terminus स्थित Marriott Executive Apartments में ठहरे हुए थे. ली 12वीं मंजिल के कमरा नंबर 1218 में रह रहे थे.

बताया गया है कि 4 नवंबर की शाम से ली फोन कॉल का जवाब नहीं दे रहे थे. बार-बार संपर्क की कोशिश नाकाम रहने के बाद 5 नवंबर को शाम करीब 6:30 बजे होटल कर्मचारियों ने मास्टर चाबी से कमरा खोला. अंदर ली बिस्तर पर अचेत अवस्था में मिले. होटल ने तुरंत 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी, लेकिन मेडिकल टीम ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

सूचना मिलने पर गाचीबोवली पुलिस ने होटल पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामला दर्ज किया. मौत की सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच से कारणों का पता चलेगा.