केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को नई दिल्ली में दो दिवसीय आतंकवाद-रोधी सम्मेलन का उद्घाटन किया. उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ काम करने वाली एजेंसियों की सफलता का पैमाना यह होना चाहिए कि किसी हमले को अंजाम दिए जाने से पहले ही आतंकियों को पकड़ लिया जाए.

शाह के मुताबिक, लश्कर के आतंकी लतीफ भट के मारे जाने के बाद कश्मीर भारत में पैदा हुए आतंकवादियों से मुक्त हो गया है. उन्होंने इसे आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एक बड़ा मील का पत्थर बताया. यह बयान सम्मेलन में आतंकवाद के खिलाफ सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के संदर्भ में दिया गया.

नेटवर्क और फंडिंग पर साझा कार्रवाई

गृह मंत्री ने कहा कि आतंकवाद के पूरे नेटवर्क पर एक साथ कार्रवाई किए बिना स्थायी सफलता हासिल नहीं की जा सकती. उनके अनुसार, किसी एक मामले की जांच केवल उस केस तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि पूरे नेटवर्क के ध्वस्त होने तक जारी रहनी चाहिए. उन्होंने सभी राज्यों और केंद्रीय एजेंसियों के लिए साझा लक्ष्य और जवाबदेही तय करने पर भी जोर दिया.

शाह ने आतंकवाद की फंडिंग की पूरी चेन तोड़ने और आतंकवाद, संगठित अपराध तथा ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े विदेश में बैठे भगोड़ों को भारत लाने की जरूरत बताई. उन्होंने कहा कि 2019 से अब तक 36 देशों से 303 भगोड़ों को भारत वापस लाया गया है.

ATS और NIA की क्षमता बढ़ाने पर जोर

गृह मंत्री ने राज्यों के एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड की साइबर विशेषज्ञ इकाइयों को मजबूत करने की सलाह दी. उन्होंने बताया कि मल्टी एजेंसी सेंटर का दायरा बढ़ाकर साइबर सुरक्षा, नार्को टेररिज्म और कट्टरपंथी हॉटस्पॉट को भी इसमें शामिल किया गया है.

उन्होंने कहा कि NIA के 16 नए शाखा कार्यालय और दो जोनल कार्यालयों को मंजूरी दी गई है. विदेश में भारतीयों के हितों की रक्षा से जुड़े मामलों में भी NIA को जांच का अधिकार दिया गया है.

शाह ने PFI नेटवर्क के खिलाफ 11 राज्यों की पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई को बड़ी सफलता बताया. उन्होंने शहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ 100 से ज्यादा मामले, 271 से अधिक गिरफ्तारियां और 40 से ज्यादा मॉड्यूल ध्वस्त किए जाने की जानकारी दी.

सम्मेलन में NIA की पुस्तक ‘Fail-Safe Investigation’ का विमोचन किया गया. चंडीगढ़ में NIA कार्यालय परिसर की आधारशिला रखी गई और दिल्ली के मैदानगढ़ी स्थित NIA आवासीय परिसर का उद्घाटन हुआ. इसके अलावा ‘पुष्टि’ पोर्टल लॉन्च किया गया और NIA के सात अधिकारियों-कर्मचारियों को अलंकरण प्रदान किए गए.